मुख्यमंत्री अमरेन्द्र कैबिनेट में दीवाली के आस-पास करेंगे फेरबदल
punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2020 - 09:43 AM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र द्वारा अपनी कैबिनेट में दीवाली के आसपास फेरबदल किया जाएगा। सूत्रों का मानना है कि यह फेरबदल दीवाली से एक-दो दिन पहले भी हो सकता है तथा दीवाली के एक-दो दिन बाद भी। अंतिम तारीख मुख्यमंत्री द्वारा अगले कुछ दिनों में तय कर ली जाएगी। मंत्रिमंडल फेरबदल दौरान पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को दोबारा मंत्रिमंडल में शामिल किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री तथा सिद्धू के आपसी संबंध पिछले दिनों ठीक हो गए थे। सिद्धू का पुराना रुतबा बहाल किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सिद्धू को मंत्रिमंडल में शामिल करने जा रहे हैं परंतु साथ ही कुछ अन्य मंत्रियों के विभागों में परिवर्तन भी किए जाने के आसार हैं। बताया जाता है कि प्रस्तावित फेरबदल को देखते हुए कई मंत्रियों ने मुख्यमंत्री अमरेन्द्र से मुलाकात करनी शुरू कर दी है। एक विचार मुख्यमंत्री के विचाराधीन यह भी आया है कि पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष राणा के.पी. सिंह को भी मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया जाए। मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल को एक नई लुक देना चाहते हैं। पंजाब विधानसभा के आगामी आम चुनावों से पहले यह अंतिम फेरबदल होगा इसलिए मुख्यमंत्री द्वारा अपने करीबी साथियों के साथ इसे लेकर चर्चा भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने इस संबंध में पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ के साथ भी चर्चा की है। कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल के साथ-साथ एक चर्चा यह भी शुरू हुई है कि एक मंत्री को हटा दिया जाए परंतु अभी इस संबंध में अंतिम फैसला होना बाकी है। मुख्यमंत्री के नजदीकी नेताओं का कहना है कि जो मंत्री अधिक एक्टिव नहीं हैं उनमें से किसी एक को स्पीकर पद पर बिठा दिया जाए। इसी तरह से कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश सोनी के विभागों में फेरबदल प्रस्तावित है। उनका पुराना रुतबा बहाल किया जा सकता है। पंजाब मंत्रिमंडल में फेरबदल के जरिए कैप्टन अमरेन्द्र अपनी सरकार की छवि को स्व‘छ भी बनाकर रखना चाहते हैं। इस सबका विस्तृत खाका तैयार किया जा रहा है।