चिट्टे से एक और माँ की कोख उजड़ी, AAP सरकार बेशर्मी से खामोश: तरुण चुघ

punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 09:45 PM (IST)

जालंधर : भारतीय जनता पार्टी के सांसद एवं पार्टी के  राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुग ने फाज़िल्का जिले के गांव ढिपांवाली में एक विधवा माँ के दूसरे बेटे सतनाम सिंह (23) की "चिट्टे" से हुई मौत पर आम आदमी पार्टी सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि यह घटना नहीं, 'आप' सरकार के नशा-तंत्र से सांठगांठ का जीता-जागता प्रमाण है।

तरुण चुग ने कहा, "एक माँ के छह महीने के भीतर दो-दो बेटे नशे की भेंट चढ़ गए और भगवंत मान साहब को अब भी पंजाब में नशा नज़र नहीं आता? यह अंधापन नहीं, जानबूझकर की गई गुनाहगार चुप्पी है। यह सरकार नशा तस्करों की सरपरस्त बन चुकी है।"

उन्होंने कहा कि दिल्ली से रिमोट कंट्रोल चला रहे अरविंद केजरीवाल और कुर्सी बचाने में लगे भगवंत मान ने पंजाब को "उड़ता पंजाब" से "मरता पंजाब" बना दिया है। "बदलाव" के नाम पर जनता को ठगने वाली यह सरकार अब केवल आंकड़ों की बाज़ीगरी और झूठे दावों में मस्त है, जबकि हकीकत में हर गांव, हर गली में जवान बेटे अर्थी पर निकल रहे हैं।

तरुण चुग ने तीखे शब्दों में कहा, "यह सरकार नाकाम नहीं, यह सरकार अपराधी है — क्योंकि हर उस माँ की चीख के लिए, जिसकी गोद उजड़ी, सीधे तौर पर भगवंत मान और उनकी नाकारा पुलिस-प्रशासन व्यवस्था ज़िम्मेदार है। नशा तस्करों को सियासी संरक्षण मिल रहा है, तभी छह महीने में एक ही परिवार के दो जवान बेटे निगल लिए गए और सरकार का कान पर जूं तक नहीं रेंगी।"

उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री भगवंत मान तुरंत इस्तीफा देकर नैतिक जिम्मेदारी लें, दोषी अधिकारियों और नशा तस्करों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई हो, तथा पीड़ित परिवार को न्याय के साथ-साथ करोड़ों का मुआवज़ा दिया जाए।

तरुण चुग ने चेतावनी देते हुए कहा, "भारतीय जनता पार्टी की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' अब सिर्फ आंदोलन नहीं, आप सरकार के खिलाफ जन-आक्रोश का ज्वालामुखी है। पंजाब की जनता 2027 में इस बर्बादी, इस बेशर्मी और इन बेगुनाह मौतों का पूरा हिसाब जरूर लेगी।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News