Amritsar में देर रात 2 गुटों में हुई खूनी जंग, ईंट-पत्थर व पैट्रोल बम फैंके, CCTV में कैद हंगामा
punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 09:44 AM (IST)
अमृतस (रमन) : थाना गेट हकीमा के अंतर्गत ढपई क्षेत्र की गली लोहारा वाली में देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। करीब 200 से अधिक युवक आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर जमकर ईंट-पत्थर, कांच की बोतलें और पेट्रोल बम फेंके गए।
CCTV कैमरे में कैद हो गई घटना
करीब दो घंटे तक चली इस झड़प के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गलियों में खड़े लोगों के वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। यह पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसमें युवक खुलेआम उत्पात मचाते नजर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके की बिजली बंद कर दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक दर्जन से अधिक युवकों को हिरासत में लिया है। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों गुटों के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि नशे के कारोबार को लेकर विवाद बढ़ा, जिसके चलते सैकड़ों युवक आमने-सामने आ गए। नशे में धुत युवकों ने गलियों में जमकर हुड़दंग मचाया और एक-दूसरे पर जानलेवा हमले किए।
क्या कहती है पुलिस
थाना गेट हकीमा पुलिस के अनुसार, यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है। दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंके। फिलहाल एक दर्जन से अधिक युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

