Ludhiana की फैक्टरी पर चोरों का धावा, शटर तोड़कर किया कांड

punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 09:12 AM (IST)

लुधियाना(राज): चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब फैक्ट्रियां भी सुरक्षित नहीं रही हैं। ताजा मामला बहादुर के रोड स्थित मनमोहन कॉलोनी का है, जहां जे. रूप ओसवाल नाम की फैक्टरी को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों के माल और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके एक साथी की तलाश में छापेमारी जारी है।

फैक्टरी मालिक गगन जैन ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उनकी मनमोहन कॉलोनी में फैब्रिकेशन का काम होता है। बीती 20-21 फरवरी की दरम्यानी रात अज्ञात शातिरों ने फैक्टरी के दफ्तर का शटर तोड़कर भीतर प्रवेश किया। चोरों ने दफ्तर में रखे मंदिर से करीब 6-7 हजार रुपये की नकदी और गोदाम से कपड़े के लगभग 35 थान चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सारा सामान एक 'छोटा हाथी' पर लादकर फरार हो गए।

वारदात के बाद जब मालिक ने अपने स्तर पर पड़ताल शुरू की, तो कड़ियां जुड़ती गईं। जांच में सामने आया कि इस चोरी के पीछे आस मोहम्मद और आसिफ नाम के दो युवकों का हाथ है, जिन्होंने अपने एक अज्ञात साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी आस मोहम्मद और आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फरार तीसरे साथी को भी जल्द ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News