CM भगवंत मान ने आजादी दिवस पर लुधियाना में फहराया तिरंगा, पंजाबियों से किए ये वादे

punjabkesari.in Monday, Aug 15, 2022 - 10:41 AM (IST)

लुधियाना : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लुधियाना में तिरंगा फहराया।  इस मौके पर उन्होंने शहीदों के बलिदान को याद किया और उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव सिंह को भी याद किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री मान ने बेटियों के बारे में बात करते हुए कहा कि हर बेटी को आगे बढ़ने का पूरा हक है और हमें बेटियों को पूरा मौका देना चाहिए।  शिक्षा के क्षेत्र में हर बार खबरें आती हैं कि बेटियों ने बाजी मारी हैं और लड़कियां पहले नंबर पर हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि लड़कियां किसी से कम नहीं होती हैं।  हम उन पूर्वजों  की संतान हैं, जिन्होंने बहुत पहले उत्पीड़न के खिलाफ बोलना शुरू किया था। उन्होंने कहा कि अभी हम  पूरी तरह आजाद नहीं हुए हैं क्योंकि वो आजादी घरों तक नहीं पहुंची, जो शहीद भगत सिंह ने अपने सपने में सोची हुई थी। उन्होंने कहा कि कुछ रसूखदार लोग यह आजादी हमसे छीन कर ले गए है। हमें विश्व स्तरीय शिक्षा मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे बेटियां-बेटे  पढ़ाई करके विदेशों की तरफ भाग रहे हैं। हम स्टेडियम बनाएंगे और स्पोर्ट्स कॉलेज खोलेंगे, जिसके साथ बच्चियों को विदेशों में जाने की जरूरत नहीं होगी। असल में आजादी उस दिन होगी जब पंजाब के खिलाड़ी ओलंपिक में गोल्ड मैडल जीत कर आएंगे।

उन्होंने कहा कि मोहल्ला क्लीनिक में लोगों का इलाज होगा और उन्हें बड़ें अस्पतालों में जाने की जरूरत नहीं होगी। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि आटा-दाल स्कीम तो पंजाब में चल ही रही हैं पर सभी लोगों को खुद कमाने के योग्य बनाना है।  हम पंजाब में इंडस्ट्री को उत्साहित करेंगे। उन्होंने कहा कि मत्तेवाड़ा के जंगल बारे फैसला वापिस लिया गया है। वहीं  बुड्ढे नाले पर बोलते मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए 650 करोड़ का बजट रखा गया है और बुड्ढे नाले का पानी जल्द ही बिल्कुल साफ होगा। अंत में मुख्यमंत्री ने लोगों को बधाई देते कहा कि तिरंगा हमेशा हमारे दिलों में बसना चाहिए। जिन लोगों ने उन पर भरोसा किया है, वे उनका मान नहीं तोड़ सकते।  वह पंजाबियों से किए गए हर वादे को पूरा करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि हर युवा को रोजगार मिलेगा और कच्चे कर्मचारियों को फिक्स किया जाएगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News