जालंधर में सी.एम. मान का 'सरकार आपके द्वार' शुरू, मौके पर निपटाए जा रहे काम

punjabkesari.in Wednesday, Jul 24, 2024 - 08:19 PM (IST)

जालंधर : जालंधर उपचुनाव के बाद शहर में मुख्यमंत्री भगवंत मान का 'सरकार आपके द्वार' कार्यक्रम शुरू कर दिया गया है, जिसके तहत कई सारे लोग सी.एम. आवास पर अपनी अपनी शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि सी.एम. मान मुख्यमंत्री आवास पर लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं तथा उनका मौके पर ही समाधान निकाल कर लोगों को बड़ी राहत प्रदान की जा रही है। इस दौरान कई अधिकारीगण भी मौजूद हैं, जिन्हें कि लोगों की समस्याओं को तुरन्त हल करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। पता चला है कि दोआबा के साथ-साथ माझा से भी लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे हैं।

वहीं सी.एम. ने कहा कि सप्ताह में 2 दिन वह यहां पर मौजूद रहेंगे तथा आज उनका यह पहला दिन था और कई सारे लोगों की समस्याएं सुनी गई हैं। इसी तरह से कल भी लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले लोग परेशान थे, उन्हें बार-बार चंडीगढ़ के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन आज मौके पर ही उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा लोग काफी खुश नजर आए।  

यह भी पढ़ें- Rain Alert: पंजाब के इन जिलों में सुबह 10 बजे तक बारिश का Alert, जानें मौसम का पूरा हाल

आज यहां बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने वादा किया था कि वह दो दिन जालंधर में रहकर लोगों की शिकायतें खुद निपटाएंगे। इसीलिए वे आज यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का ख्याल रखा जा रहा है तथा उनकी समस्याओं का समाधान पूरी ईमानदारी एवं उचित ढंग से किया जा रहा है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि अन्य जिलों से भी लोग अपने दैनिक प्रशासकीय कार्यों के लिए यहां आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 75 साल में ऐसा कदम कभी नहीं उठाया गया, जिससे इतनी बड़ी संख्या में लोग आ रहे है। उन्होंने कहा कि यह न केवल लोगों की समस्याओं को हल करने में मदद कर रहा है, बल्कि राज्य सरकार की नीतियों पर प्रतिक्रिया प्राप्त करने का एक मंच भी बन रहा है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस पहल का एकमात्र उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य, विशेष रूप से माझा और दोआबा क्षेत्र के लोगों को अपनी दैनिक गतिविधियों को पूरा करने के लिए सुविधाएं प्रदान की जाएं।उन्होंने कहा कि आज शाम 8 बजे तक लोगों की मुश्किलों को सुना गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को अब अपने रोजमर्रा के काम के लिए चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा क्योंकि राज्य का चुना हुआ मुखिया उन्हें जालंधर में ही उपलब्ध होगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्होंने लोगों से वादा किया था कि सरकार चंडीगढ़ की बजाय राज्य के कस्बों और जिलों से चलेगी और यह बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है कि उन्होंने एक बार फिर अपना वादा पूरा किया है। उन्होंने कहा कि उनके सभी प्रयासों का एकमात्र उद्देश्य राज्य की प्रगति और लोगों की भलाई सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे दिन गए जब सरकार चंडीगढ़ के कार्यालयों से चलती थी और अब राज्य के असली मालिकों का समय, पैसा और ऊर्जा बचाने के लिए सरकार गांवों और कस्बों से चल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 'सरकार तुहाडे द्वार' की अपनी महत्वपूर्ण योजना पहले ही शुरू कर दी है, जिसके तहत लोगों को उनके घर-द्वार पर नागरिक-केंद्रित सेवाएं प्रदान करने के लिए ग्राम-स्तरीय कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि आने वाले दिनों में जन कल्याण के लिए इस तरह की और भी जनहितैषी पहल की जाएंगी।

यह भी पढ़ें-श्री अकाल तख्त साहिब पर पेश हुए सुखबीर बादल, बंद लिफाफे में सौंपा जवाब

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News