पंजाब में बाढ़ संकट के बीच CM Mann का ऐलान, जल्दी से पेश करें ये Report
punjabkesari.in Friday, Aug 22, 2025 - 06:44 PM (IST)

पंजाब डेस्क : पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में विशेष गिरदावरी के आदेश जारी किए हैं। दरअसल, आज मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सुल्तानपुर लोधी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया, जहां उन्होंने बाढ़ का पानी उतरते ही प्रभावित इलाकों में तुरंत विशेष गिरदावरी कराने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि कल राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने सुल्तानपुर लोधी के बाढ़ प्रभावित गांव बाऊपुर जदीद और सांगरा में प्रभावित परिवारों से मुलाकात की थी। इस मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब सरकार ने नदियों में जलस्तर बढ़ने से हुई फसलों और अन्य नुकसान की भरपाई के लिए विशेष गिरदावरी के आदेश जारी कर दिए हैं। पंजाब सरकार ने फसलों को हुए नुकसान की भरपाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पंजाब सरकार ने सभी डिप्टी कमिश्नरों को आदेश दिए गए हैं कि पानी उतरते ही विशेष गिरदावरी मुकम्मल करके रिपोर्ट पेश की जाए ताकि प्रभावित लोगों को बनता मुआवजा दिया जा सके। पानी से मुख्य रूप से प्रभावित जिलों में कपूरथला, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का में राहत कार्यों की निगरानी मंत्री समूह द्वारा की जा रही है। कैबिनेट मंत्री जहां प्रभावित लोगों का दुख-दर्द बांटने के लिए अलग-अलग जिलों का दौरा कर रहे हैं, वहीं राहत कार्यों की लगातार निगरानी भी कर रहे हैं। कपूरथला जिले में राहत कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं ताकि प्रभावित लोगों को राशन, पीने का पानी, दवाइयां, पशुओं की स्वास्थ्य देखभाल आदि मुहैया कराने का काम युद्ध स्तर पर जारी रखा जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here