दर्दनाक हादसा! कंबाइन से टक्कर के बाद युवक की मौ/त
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 10:20 AM (IST)
माछीवाड़ा साहिब (टकराव): माछीवाड़ा ब्लॉक के लक्खोवाल खुर्द और लखोवाल कलां गांवों के बीच पुली के पास एक भयानक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। इस हादसे में एक 22 साल के मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान समराला के रहने वाले परमिंदर सिंह के तौर पर हुई है।
कंबाइन के नीचे आया मोटरसाइकिल
जानकारी के मुताबिक परमिंदर सिंह गांव जुल्फगढ़ में अपने दोस्त से मिलकर समराला में अपने घर लौट रहा था। रात करीब 8 बजे जब वह लक्खोवाल खुर्द और लक्खोवाल कलां के बीच पुल पर पहुंचा तो सामने से आ रही एक कंबाइन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई और उसकी मोटरसाइकिल कंबाइन के नीचे चली गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि युवक की गर्दन धड़ से अलग हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जा रहा है कि मृतक परमिंदर सिंह एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में काम करता था और अभी कुंवारा था। सबसे बुरी बात यह है कि परमिंदर के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। इस हादसे ने सबकी आंखें नम कर दी।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही सब-इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिवार वालों को सूचित कर दिया है। कंबाइन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार वालों के बयानों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

