विवाहिता की संदिग्ध मौ+त, मायके वालों के पहुंचने से पहले ही ससुरालियों ने किया अंतिम संस्कार
punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 08:56 AM (IST)
लुधियाना(राज): गांव चौंता में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। इस घटना ने उस वक्त तूल पकड़ लिया जब मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या और साक्ष्य मिटाने के गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि उनके पहुंचने से पहले ही ससुरालियों ने आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार कर दिया, ताकि सच्चाई सामने न आ सके। इस मामले में थाना कुमकलां की पुलिस ने मृतक विवाहिता के पिता दलजीत सिंह की शिकायत पर आरोपी ससुरालियों पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी आकी कौर, जीती, धर्मा सिंह, करमजीत सिंह, बाबा, और मासी भूड़ी एवं अन्य है।
पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी बेटी पूजा की शादी साल 2021 में चरणजीत सिंह के साथ हुई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन 27 मार्च की सुबह उनके लिए एक काल बनकर आई। पिता ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे उन्हें गांव चौंता से फोन आया कि उनकी बेटी पूजा की मौत हो गई है। खबर सुनते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। मृतका के पिता ने तुरंत अपनी समधिन (पूजा की सास) अक्की को फोन किया और सख्त लहजे में कहा— "हम घर से निकल चुके हैं, हमारे पहुंचने तक संस्कार मत करना।"
परिजनों का आरोप है कि जब वे गांव चौंता पहुँचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। उनके मना करने के बावजूद ससुराल पक्ष ने पूजा का अंतिम संस्कार कर दिया था। पिता ने रोते हुए आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत प्राकृतिक नहीं है। पूजा को ससुराल परिवार द्वारा सोची-समझी साजिश के तहत मारा गया है। साक्ष्य मिटाने की नीयत से उनके पहुंचने से पहले ही दाह-संस्कार कर दिया गया। पुलिस को सूचित किए बिना ही लाश को ठिकाने लगाया गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार के बयानों को दर्ज कर लिया गया है।

