लुधियाना में ED का लगातार Action, डाक्टर के घर पर सर्च दूसरे दिन भी जारी
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 08:13 PM (IST)
लुधियाना (गणेश / सचिन) : लुधियाना में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की बड़ी कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी है, जिससे पूरे शहर में हलचल का माहौल बना हुआ है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, ED की टीम द्वारा डॉ. सतिजा के आवास पर की जा रही छापेमारी कल सुबह से शुरू हुई थी, जो आज भी देर शाम तक जारी बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, जांच टीम द्वारा घर के अंदर मौजूद वित्तीय दस्तावेजों, बैंकिंग लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड्स, प्रॉपर्टी डील से संबंधित कागजातों तथा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज़ की गहन जांच की जा रही है। टीम द्वारा कई महत्वपूर्ण फाइलों को कब्जे में लेकर उनकी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। इसके अलावा, डिजिटल डाटा और बैंक ट्रांजैक्शंस को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
सूत्र बताते हैं कि यह कार्रवाई आर्थिक अनियमितताओं और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच के तहत की जा रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक ED की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इस पूरे मामले के बीच राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। मामला अब आम आदमी पार्टी के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अब तक किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है और न ही किसी का नाम जांच एजेंसियों द्वारा सार्वजनिक रूप से लिया गया है।
ED की कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है और टीम लगातार दस्तावेजों की जांच में जुटी हुई है। अब तक किसी गिरफ्तारी या बड़े खुलासे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शहर के अन्य कुछ स्थानों पर भी इसी तरह की जांच की सूचना सामने आ रही है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।



