LPU के बाहर बेकाबू हुई भीड़, मीडिया की गाड़ियों को बनाया निशाना, बिल्डिंग में लगाई आग
punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 11:09 PM (IST)
फगवाड़ा: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के बाहर छात्रों का प्रोटैस्ट लगातार जारी है। छात्रों की भीड़ और पुलिस के बीच टकराव के बाद स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई है। भीड़ की ओर से पुलिस पर पथराव किए जाने की सूचना है, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया है।
लाठीचार्ज के बाद हालात और बिगड़ गए। भड़की भीड़ की ओर से पुलिस की गाड़ियों के साथ-साथ मीडिया कर्मियों की गाड़ियों को भी निशाना बनाए जाने की सूचना है। वरिष्ठ पत्रकार परमजीत सिंह रंगपुरी की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। बताया जा रहा है कि उनकी मौजूदगी में ही भीड़ ने उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाया।
वहीं, यूनिवर्सिटी परिसर की एक बिल्डिंग में आगजनी की सूचना भी सामने आई है। हालांकि आगजनी से हुए नुकसान और घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। भीड़ को पीछे हटाने के लिए लाठीचार्ज जारी है। पुलिस और छात्रों के बीच तनाव के चलते LPU के बाहर माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से हालात पर काबू पाने और किसी बड़े नुकसान को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाने की जानकारी सामने आ रही है।







