LPU में बड़ी संख्या में पुलिस की एंट्री, 2 संदिग्ध युवकों को पुलिस ने किया डिटेन
punjabkesari.in Monday, Sep 28, 2026 - 12:56 AM (IST)
फगवाड़ा: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुए भारी हंगामे और तोड़फोड़ के बाद पुलिस ने कैंपस में अपनी मौजूदगी बढ़ा दी है। बड़ी संख्या में पुलिस बल यूनिवर्सिटी परिसर में दाखिल हुआ है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने 2 संदिग्ध युवकों को काबू भी किया है, जिन्हें गाड़ी में बिठाकर थाने ले जाया गया है।
पुलिस टीम की अगुवाई ADGP MF फारूकी कर रहे हैं। वहीं CP सतिंदर सिंह भी LPU परिसर में मौजूद हैं। CP ने कहा कि वे संबंधित हॉस्टलों की जांच करेंगे। पुलिस अधिकारियों की ओर से कैंपस में हुई तोड़फोड़ और हंगामे को लेकर जांच की जाएगी। इस दौरान कुछ छात्र भी पुलिस टीम के साथ चल रहे हैं और कथित तौर पर हंगामे में शामिल लोगों की पहचान करने में पुलिस की मदद कर रहे हैं।
गौरतलब है कि LPU में छात्रों की ओर से किए गए हंगामे और तोड़फोड़ के दौरान कैंपस में काफी नुकसान हुआ है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल लगातार तैनात है और यूनिवर्सिटी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।





