जालंधर-अमृतसर हाईवे की सर्विस लेन पर खून से लथपथ मिला शव, हत्या की आशंका

punjabkesari.in Tuesday, Mar 23, 2021 - 01:11 PM (IST)

जालंधर: जालंधर-अमृतसर हाईवे पर पड़ते लिद्दड़ां गांव नजदीक सर्विस लेन पर खून से लथपथ एक व्यक्ति का देर शाम शव मिला। मृतक के गले पर किसी तीखी चीज से वार करने के निशान हैं। हालांकि मामला हत्या का लग रहा है, लेकिन जैसे ही कमिश्नरेट पुलिस को सूचना मिली तो यह मामला हदबंदी में उलझ गया। नतीजा यह निकला कि लाश करीब 3 घंटे तक पड़ी रही। मौके पर देहात पुलिस के अधिकारी पहुंचे तो शव को एम्बुलैंस में डाला गया लेकिन उसके बाद भी शव को सिविल अस्पताल में नहीं भेजा गया। देर रात तक जालंधर कमिश्नरेट और जालंधर देहात की पुलिस हदबंदी को लेकर उलझी रही। पुलिस यह भी क्लियर नहीं कर पा रही है कि मामला हत्या का है या फिर दुर्घटना में मौत होने का है।

PunjabKesari

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम 7.15 बजे के करीब कमिश्नरेट पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव लिद्दड़ां के नजदीक सर्विस लेन पर पड़ते गंदे नाले में एक शव पड़ा है। आनन-फानन में थाना एक की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को ढक दिया और फिर जैसे ही मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा तो यह केस हदबंदी में उलझ कर रह गया।कमिश्नरेट पुलिस ने घटनास्थल को देहात पुलिस का बताया, जिसके बाद मौके पर डी.एस.पी. सुखपाल सिंह पहुंच गए। कमिश्नरेट पुलिस और देहात पुलिस ने जांच शुरू की लेकिन हदबंदी को लेकर मामला उलझता ही गया। घटनास्थल पर पुलिस करीब 7:15 बजे पहुंच गई थी लेकिन उसके 3 घंटे बाद जाकर शव को वहां से उठाया गया। पुलिस यह भी क्लियर नहीं कर पा रही थी कि यह एक हत्या से जुड़ा मामला है या फिर एक्सीडैंट केस है। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। देर रात तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।

ए.सी.पी. नाॅर्थ ने फोन तक नहीं उठाया, डी.एस.पी. सुखपाल सिंह बोले-केस को ट्रेस करने में कोई प्रॉब्लम नहीं

होटल में छापामारी करके सुर्खियां बटोरने की कोशिश करने वाले ए.सी.पी. नाॅर्थ ने इस गंभीर मामले में मीडिया का फोन उठाना तक जरूरी नहीं समझा। यह वही ए.सी.पी. हैं जिन्होंने वेरका मिल्क प्लांट नजदीक ब्रेजा कार लूटने के मामले में लापरवाही बरती थी और आज तक गाड़ी को लूटने वाले गिरफ्तार नहीं हो पाए। मौके पर आए जालंधर देहात पुलिस के डी.एस.पी. सुखपाल सिंह ने कहा कि उनके पास कई ऐसी एफ.आई.आर. हैं जिनसे यह पता लगता है कि यह एरिया जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के अधीन आता है। उन्होंने कहा कि अगर यह जालंधर देहात पुलिस के एरिया में आता भी होगा तो ट्रेस करने में कोई भी प्रॉब्लम नहीं होगी। डी.एस.पी .ने कहा कि मृतक के गले पर तीखी चीज का निशान है लेकिन अभी उसे क्लियर नहीं किया जा सकता कि वह किस चीज का है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है क्योंकि ऐसे निशान एक्सीडैंट केस में भी होते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News