डी.जी.पी. ने बार्डर व जालंधर रेंज के अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की स्थिति का लिया जायजा
punjabkesari.in Sunday, Nov 07, 2021 - 12:19 PM (IST)

जालंधर (सुनील धवन): पंजाब पुलिस के महानिदेशक इकबालप्रीत सिंह सहोता ने यहां बार्डर व जालंधर रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करके कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया और उन्हें निर्देश दिए कि आगामी चुनावों को देखते हुए कानून व्यवस्था की स्थिति को बनाकर रखें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि लम्बित आपराधिक मामलों का जल्द निपटारा करें।
डी.जी.पी. सहोता के साथ बैठक में जालंधर के पुलिस कमिश्नर नौनिहाल सिंह, जालंधर रेंज के आई.जी. गुरिन्द्र सिंह ढिल्लों, बार्डर रेंज के आई.जी. मोहनीश चावला, अमृतसर के पुलिस कमिश्नर सुखचैन सिंह गिल, गुरदासपुर के एस.एस.पी. नानक सिंह, पठानकोट के एस.एस.पी. सुरेन्द्र लाम्बा, अमृतसर देहाती के एस.एस.पी. राकेश कौशल, जालंधर देहाती के एस.एस.पी. सतिन्द्र सिंह, बटाला के एस.एस.पी. मुखविंद्र सिंह भुल्लर, कपूरथला के एस.एस.पी. हरकमलप्रीत सिंह खख, होशियारपुर के एस.एस.पी. कुलवंत सिंह हीर व अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैंगस्टरों, आपराधिक तत्वों के साथ सख्ती से पेश आया जाए। डी.जी.पी. ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वह अपने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करें तथा पुलिस व जनता के आपसी संबंधों में सुधार लाने के लिए कदम उठाएं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को ड्रग्स पर रोक लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस मामले में कोई भी समझौता नहीं होना चाहिए। ड्रग्स पर पूरी तरह से नियंत्रण पाना है ताकि युवा पीढ़ी को नशों से बचाया जा सके।
गैर-कानूनी माइनिंग को रोकने के सख्त आदेश जारी
डी.जी.पी. सहोता ने राज्य में गैर-कानूनी माइनिंग रोकने के सख्त आदेश जारी किए हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कहा कि गैर-कानूनी माइनिंग को लेकर जीरो टॉलरैंस नीति अपनाई जाए। जिस भी स्थान पर गैर-कानूनी माइनिंग का काम चल रहा है उसे बंद करवाया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस में भ्रष्टाचार सहन नहीं किया जाएगा। पुलिस लोगों की सेवा के लिए है तथा इसी भावना को लेकर पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आगे बढऩा होगा।
नाइट डोमिन्स आप्रेशन रात 9 से लेकर सुबह 4 बजे तक चलेगा
डी.जी.पी. सहोता ने सीमावर्ती जिलों के एस.एस.पीज को निर्देश दिए हैं कि नाइट डोमिन्स आप्रेशन रात 9 से लेकर सुबह 4 बजे तक चलेगा। भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा के साथ लगते पठानकोट, गुरदासपुर, बटाला, अमृतसर ग्रामीण, तरनतारन, फिरोजपुर व फाजिल्का जिलों में सख्ती से नाइट डोमिन्स आप्रेशन चलेंगे। उन्होंने एस.एस.पीज से कहा कि वे जिलों को सैक्टरों में बांट दें और प्रत्येक सैक्टर के लिए एक गजेटिड अधिकारी की नियुक्ति करें। इन सभी की देखरेख में यह आप्रेशन चलना चाहिए।
लुधियाना सहित सभी महानगरों में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाएंगे
डी.जी.पी. सहोता ने संकेत दिए कि लुधियाना सहित सभी महानगरों में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लुधियाना में ट्रैफिक व्यवस्था में काफी सुधार लाने की जरूरत है तथा इस संबंध में वह पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करके रोड मैप तैयार करवाएंगे। उन्होंने कहा कि अन्य महानगरों में भी ट्रैफिक को सुचारू रूप से नियंत्रित करने की तरफ राज्य पुलिस द्वारा ध्यान दिया जाएगा तथा इस संबंध में वह ट्रैफिक को देख रहे ए.डी.जी.पी. स्तर की विशेष रूप से ड्यूटियां लगाएंगे।
शांतमय ढंग से सम्पन्न होंगे विधानसभा चुनाव
डी.जी.पी. सहोता ने कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव शांतमय ढंग से सम्पन्न होंगे। रेंजों में पुलिस अधिकारियों के साथ बैंठकें करते समय उन्हें विधानसभा चुनावों के लिए तैयारियां अभी से शुरू करने के लिए कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस के एजैंडे में इस समय चुनावों को शांतमय ढंग से सम्पन्न करवाना सबसे ऊपर है तथा पहले भी राज्य पुलिस ने चुनावों के दौरान कभी भी गड़बड़ नहीं होने दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here