Tanishq शोरूम से डायमंड की Gold Ring चोरी, CCTV फुटेज से हुआ खुलासा
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 09:36 AM (IST)
लुधियाना (राज): पॉश इलाके मॉडल टाउन स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में सोने/डायमंड की लेडीज रिंग चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की इस वारदात का खुलासा नियमित स्टॉक चेकिंग के दौरान हुआ। जब शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो उसमें एक अज्ञात व्यक्ति अंगूठी चुराता हुआ दिखाई दिया। शोरूम मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता कमलदीप सिंह ने बताया कि वह 'मेसर्स कटारी सन्स का प्रोपराइटर है। मॉडल टाउन में उनका तनिष्क ज्वेलरी का बड़ा शोरूम है। बीते 29 जुलाई को जब शोरूम के अंदर आभूषणों की नियमित स्टॉक चेकिंग/गिनती की जा रही थी, तो स्टॉक में लेडीज गोल्ड/डायमंड की एक रिंग कम पाई गई। रिंग कम मिलने पर जब शोरूम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को ध्यान से चेक किया गया, तो पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बड़ी ही चालाकी से उस लेडीज रिंग को चुरा लिया था। चोरी हुई अंगूठी का कुल वजन 4.777 ग्राम और नेट वजन 4.535 ग्राम था। घटना की पुष्टि होने के बाद पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना मॉडल टाउन पुलिस को दी।
शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शोरूम और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

