DIG भुल्लर केस में चौंकाने वाले बड़े खुलासे, नकदी छिपाने के लिए...

punjabkesari.in Saturday, Oct 18, 2025 - 05:29 PM (IST)

चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस के रोपड़ रेंज के डी.आई.जी. हरचरण सिंह भुल्लर को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सी.बी.आई.) ने भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया है। डी.आई.जी. और उनके एजेंट को शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित विशेष सी.बी.आई. अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सी.बी.आई. की छापेमारी के दौरान डी.आई.जी. के चंडीगढ़ स्थित घर और लुधियाना के समराला स्थित फार्महाउस से भारी मात्रा में कीमती सामान बरामद किया गया।

नकदी छिपाने के लिए 5 जगहों का इस्तेमाल किया

सी.बी.आई. टीम से जुड़े सूत्रों ने बताया कि डी.आई.जी. हरचरण सिंह भुल्लर ने चंडीगढ़ स्थित अपने घर में 5 अलग-अलग जगहों पर नकदी और सोना छिपाया था। सूत्रों के अनुसार, डी.आई.जी. ने नकदी बिस्तर के अंदर रखी थी और नकदी से भरी एक जगह बर्तनों की अलमारी के निचले हिस्से में थी, जिस पर ताला लगा हुआ था। सोना 2 अलमारियों में छिपाया गया था। नकदी और सोना इस तरह रखा गया था कि बाहरी व्यक्ति को कोई शक न हो।

DIG के घर से क्या मिला 

चंडीगढ़ के सेक्टर-40 स्थित घर से सी.बी.आई. को भारी मात्रा में नकदी और अन्य कीमती सामान मिला। इसमें 7.5 करोड़ रुपये नकद तो शामिल ही हैं, 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां इतनी ज़्यादा थीं कि उन्हें रखने के लिए मेज छोटी पड़ गईं। इसके बाद जमीन पर चटाई बिछाकर नोटों की गिनती की गई, जिसके लिए 3 मशीनें मंगवाई गईं। इसके अलावा लगभग अढ़ाई किलो सोना, रोलेक्स और राडो समेत कई बेशकीमती घड़ियां मिलीं, जिनमें से एक घड़ी की शुरुआती कीमत 2 से 5 लाख रुपये है। इसके अलावा 50 संपत्तियों के दस्तावेज और बैंक लॉकरों की चाबियां भी मिली हैं।

फार्महाउस से महंगी शराब का जखीरा

डी.आई.जी. भुल्लर महंगी शराब के शौकीन थे। लुधियाना के समराला स्थित एक फार्महाउस से 108 बोतल शराब बरामद की गई है। इनमें से कुछ बोतलों की कीमत 50 हज़ार रुपये से भी ज्यादा बताई गई है।

डी.आई.जी. भुल्लर ने आरोपों को झूठा बताया

चंडीगढ़ सी.बी.आई. कोर्ट में पेशी के दौरान डी.आई.जी. भुल्लर ने अपना बचाव किया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं और वह अदालत में इसे साबित करेंगे। उन्होंने दावा किया कि अदालत न्याय करेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News