लुधियाना में मृत कुत्ते को दफनाने पर विवाद, लाठी-डंडों और कस्सी से परिवार पर हमला

punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 09:43 AM (IST)

लुधियाना(राज): इलाके में एक मृत कुत्ते को दफनाने जैसी मामूली बात को लेकर दो पक्षों में खूनी टकराव होने का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुछ लोगों ने इंसानियत और कानून दोनों को ताक पर रखते हुए एक परिवार पर लाठी-डंडों और कस्सी से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

शिकायतकर्ता गुरमीत सिंह ने पुलिस को दिए बयानों में आपबीती सुनाते हुए बताया कि बीती 12 जून को मुख्य सड़क पर एक कुत्ता किसी अज्ञात ट्रक के नीचे आ गया, जिसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बेजुबान की लाश सड़क पर तड़पती देख शिकायतकर्ता अपने साथी भाग राम और जसपाल सिंह को साथ लेकर उसे दफनाने के लिए आगे बढ़ा। वे सभी मृत कुत्ते को लेकर अपने चाचा अमर सिंह के घर के बाहर बने एक खाली प्लॉट में गड्ढा खोदकर दबाने लगे। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ सिरफिरे दबंगों ने इस बात का विरोध करना शुरू कर दिया। जब पीड़ित पक्ष ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो आरोपी गाली-गलौज और बदतमीजी पर उतर आए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने तैश में आकर लाठियों, डंडों और कस्सी से पीड़ितों पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया और उन्हें बुरी तरह लहूलुहान कर दिया।

हंगामे और मारपीट के बीच जब शिकायतकर्ता जान बचाकर भागने लगा और रास्ते में अपने भतीजे सुखजीत सिंह को इस खूनी वारदात की जानकारी देकर वहां से निकलने लगा, तो क्रूर हमलावरों ने उसे भी नहीं बख्शा। आरोपियों ने सरेराह सुखजीत सिंह को भी घेर लिया और उसकी भी बेरहमी से पिटाई कर डाली। इस खूनी झड़प के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।\\
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News