जालंधर के मशहूर कॉलेज में पार्किंग ठेके को लेकर विवाद, माहौल तनावपूर्ण

punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 01:39 PM (IST)

जालंधर (सोनू) : जालंधर के मशहूर खालसा कॉलेज जालंधर में पार्किंग ठेके को लेकर उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब ठेका लेने पहुंचे लोगों ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। ठेकेदारों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन ने उन्हें ठेका देने का भरोसा दिलाकर पैसे जमा करवा लिए, लेकिन बाद में न तो ठेका दिया गया और न ही जमा करवाई गई रकम वापस की गई।

ठेका भरने आए लोगों के अनुसार, उन्होंने पार्किंग ठेके के लिए ₹10,000 की सिक्योरिटी राशि और ₹1,000 की फॉर्म फीस जमा करवाई थी। इसके अलावा, जब प्रशासन की ओर से ठेके की रकम 6.30 लाख रुपए बताई गई, तो वह राशि भी भरने को तैयार हो गए। इसके बावजूद उन पर आरोप लगाए गए कि वे नशे का धंधा कर सकते हैं, जो उन्हें पूरी तरह गलत और अपमानजनक लगे।

ठेकेदारों ने आरोप लगाया कि बिना किसी जांच या पृष्ठभूमि जाने इस तरह के आरोप लगाना गलत है। उनका यह भी कहना है कि कॉलेज प्रशासन कई लोगों से इसी तरह पैसे लेता है, लेकिन बाद में ठेका नहीं देता और न ही रकम लौटाई जाती है।

वहीं इस पूरे मामले पर जब कॉलेज के डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन आई.एस. उप्पल से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि उस दिन करीब 50 से ज्यादा लोग ठेके के लिए आए थे और उन्हें इस पूरे मामले की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। फिलहाल यह मामला कॉलेज परिसर में चर्चा का विषय बना हुआ है और ठेकेदार प्रशासन से पैसे वापस करने या ठेका देने की मांग कर रहे हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News