दिवाली पार्टी में नशे में झूमते नजर आए नाबालिग! Video Viral
punjabkesari.in Wednesday, Nov 11, 2026 - 02:25 PM (IST)
अमृतसर: दिवाली की रात आयोजित एक पार्टी में नाबालिगों और युवाओं के शराब व अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने का मामला सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि शनिवार रात अमृतसर के मीरांकोट इलाके में लोहारका रोड स्थित कोजी फार्म में आयोजित इस पार्टी में 1,000 से अधिक नाबालिग और युवा शामिल हुए थे।
मंगलवार को नाबालिगों और युवाओं के शराब के नशे में डांस करने के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें नाबालिग और युवा शराब के नशे में डांस करते नजर आ रहे हैं। पार्टी में कथित तौर पर शराब और अन्य ड्रग्स के सेवन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इस मामले ने एक बार फिर युवाओं में नशे के बढ़ते चलन और पार्टी आयोजनों में नाबालिगों की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
बताया जा रहा है कि पार्टी में शराब, सिगरेट, वेप और दूसरे बैन ड्रग्स का भी इस्तेमाल किया गया था। पुलिस और एक्साइज डिपार्टमेंट की टीमों ने मौके से 21 बोतल विदेशी शराब जब्त की है। पुलिस ने फार्म में काम करने वाले फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर बाबा दीप सिंह कॉलोनी के रहने वाले राम लक्खन कामद के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस ने कहा कि जांच जारी है। कुछ परिवारों के बयान लिए जा रहे हैं। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, शनिवार रात ASI मुश्ताक को जानकारी मिली कि कोज़ी फार्म में नाबालिगों के लिए एक पार्टी हो रही है, जहां शराब और दूसरी बैन चीजे पी जा रही हैं। इसके बाद पुलिस ने इंस्पेक्टर जगदीप कौर और एक्साइज डिपार्टमेंट की एक टीम के साथ मिलकर एक ज्वाइंट ऑपरेशन चलाया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

