ड्राइविंग टैस्ट ट्रैक पर इंटरनेट ठप्प, आवेदकों को झेलनी पड़ी परेशानी
punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 10:43 AM (IST)
लुधियाना (राम): सरकारी कॉलेज स्थित ड्राइविंग टैस्ट ट्रैक पर मंगलवार सुबह इंटरनेट सेवाओं के बाधित होने से कामकाज पूरी तरह ठप्प हो गया। सुबह 9 से 10.30 बजे तक इंटरनैट बंद रहने के कारण लाइसैंस बनवाने आए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई आवेदक डेढ़ घंटे तक इंटरनैट बहाल होने का इंतजार करते रहे और इधर-उधर भटकते नजर आए। जानकारी के अनुसार, ड्राइविंग टैस्ट और लाइसैंस से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन होने के कारण इंटरनैट बंद होते ही पूरा सिस्टम प्रभावित हो गया। न तो टैस्ट की एंट्री हो सकी और न ही दस्तावेजों की वैरीफिकेशन का काम आगे बढ़ पाया।
ट्रैक इंचार्ज रविंद्र ने बताया कि इंटरनैट कनैक्शन की तारें टूटने की वजह से यह समस्या आई। उन्होंने कहा कि संबंधित कम्पनी को शिकायत दर्ज करवा दी गई है और जल्द ही समस्या का समाधान कर सेवाएं दोबारा शुरू कर दी जाएंगी। इसके अलावा, उन्हें आर.टी.ओ. की ओर से ड्राइविंग लाइसैंस की बैकलॉग एंट्री का काम सौंपा गया है। उनके पास कुल 2000 फाइलें आई थीं, जिनमें से 1500 फाइलों की वैरिफिकेशन की जा चुकी है और करीब 1000 फाइलों को मंजूरी भी मिल चुकी है। इंटरनैट ठप्प रहने की इस घटना ने यह सवाल फिर से उठाया है कि पूरी तरह ऑनलाइन सिस्टम पर निर्भर सेवाओं के लिए बैकअप व्यवस्था कितनी जरूरी है। आवेदकों का कहना है कि वैकल्पिक इंतजाम होने चाहिएं ताकि लोगों को बार-बार इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

