नशा तस्करों पर पुलिस का Action, हेरोइन समेत तस्कर दबोचा
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 09:56 AM (IST)
लुधियाना (राज): नशा तस्करों के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत लुधियाना पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए एक शातिर नशा तस्कर को भारी मात्रा में हेरोइन के साथ रंगे हाथों काबू किया है। आरोपी इलाके में नशे की सप्लाई देने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले कि वह अपने मंसूबों में कामयाब होता, पुलिस ने उसे दबोच लिया।
मिली जानकारी के अनुसार थानेदार करणजीत सिंह अपनी पुलिस पार्टी और तफ्तीश किट के साथ 8 मार्च को गश्त के दौरान सरकारी स्कूल भामियां कलां के पास मौजूद थे। इसी बीच मुखबिर खास ने सूचना दी कि करमजीत सिंह नाम का व्यक्ति हेरोइन बेचने का अवैध धंधा करता है और इस समय वह नशे की खेप के साथ ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए झाबेवाल कट के पास स्थित बंद पड़े ठेके के पास रेड की। वहां खड़े संदिग्ध व्यक्ति को जब पुलिस ने घेराबंदी कर काबू किया और उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 110 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत आरोपी करमजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पकड़ी गई हेरोइन की खेप आरोपी कहां से लाया था और महानगर के किन-किन इलाकों में इसके तार जुड़े हुए हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

