DSP बनाता रहा हवस का शिकार, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई तो महिला ने उठाया यह कदम

punjabkesari.in Wednesday, Aug 10, 2022 - 11:29 AM (IST)

चंडीगढ़ (हांडा): पटियाला के एक डी.एस.पी. के खिलाफ उसी के मकान में 7 वर्षों तक बतौर किराएदार परिवार सहित रही एक महिला ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म करने और इंकार या किसी से शिकायत करने पर पूरे परिवार पर एफ.आई.आर. दर्ज करने की धमकियां देने के आरोप लगाए।

महिला व उसका पति बच्चों के भविष्य को लेकर चुप रहे लेकिन अब महिला के दोनों बेटे विदेश चले गए हैं, जिसके बाद महिला ने पुलिस को शिकायत दी लेकिन बार-बार गुहार लगाने के बावजूद गठित की गई एस.आई.टी. ने कोई कार्रवाई नहीं की। महिला ने एडवोकेट एस.के. गर्ग नरवाना की मार्फत पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोपी डी.एस.पी., उसके गनमैन व धमकियां देने वालों पर मामला दर्ज करने व उसकी व परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। 

जस्टिस राजमोहन सिंह ने मामले की सुनवाई करते हुए सरकार व पुलिस को नोटिस जारी किया है, जिसे सरकार की अधिवक्ता आकांक्षा ने स्वीकार किया। प्रतिवादियों को 18 अक्तूबर तक कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों को हिदायत दी है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि पीड़ित महिला व उसके परिवार को पुलिस परेशान नहीं करेगी। 

मारपीट कर जेल भेजने की धमकियां देता रहा

याचिका में बताया गया कि महिला अपने पति व 2 बेटों के साथ डी.एस.पी. संदीप सागर के मकान में किराएदार के रूप में वर्ष 2013 में रहने आई थी। वे लोग वर्ष 2020 तक वहां रहे। उस दौरान डी.एस.पी. ने याचिकाकर्ता महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर डी.एस.पी. उसके पति व उसके साथ मारपीट करता रहा और बच्चों सहित एफ.आई.आर. दर्ज कर जेल भेजने की धमकियां देता रहा। बचाव के लिए उन्होंने अपने घर में सी.सी.टी.वी. कैमरे भी लगवाए लेकिन किसी अज्ञात को बहाने से उनके घर भेज सी.सी.टी.वी. फुटेज भी गायब करवा दी। महिला साल 2020 में खुद के मकान में रहने चली गई लेकिन वहां भी डी.एस.पी. जबरन घर में घुस कर उससे दुष्कर्म करता रहा। अपने गनमैन राकेश व अन्य पुलिस वालों को उनके घर भेज कर प्रताड़ित करता रहा और शारीरिक संबंध बनाने को विवश करता रहा।

अब डी.एस.पी. पीछा छोडऩे की एवज में पैसे भी मांग रहा है। याचिका के साथ डी.एस.पी. व उसके परिवार की धमकियों वाली कॉल रिकॉर्डिंग व अन्य सबूत भी कोर्ट में पेश किए गए हैं। बच्चों को विदेश भेजने के बाद महिला व उसके पति ने एस.एस.पी. सहित कई बड़े अधिकारियों को शिकायत की, जिस पर एस.आई.टी. भी बनी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद महिला ने हाईकोर्ट में गुहार लगाई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Recommended News

Related News