Dubai ट्रिप का लालच पड़ा भारी! निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी, पति फरार, पत्नी गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 08:53 AM (IST)

लुधियाना (राज): निवेश के नाम पर मोटे मुनाफे और विदेश यात्राओं का लालच देकर भोले-भाले लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना PAU की पुलिस ने पीड़ित हनी कुमार की शिकायत पर गहन जांच के बाद तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस ने इस गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल भारी, गुंजन जैन और अभिषेक जैन ने मिलकर एक सोची-समझी साजिश रची। उन्होंने पीड़ित हनी कुमार को अपने जाल में फंसाया और झांसा दिया कि अगर वह उनके पास पैसा इन्वेस्ट (निवेश) करता है, तो उसे भारी-भरकम रिटर्न मिलेगा। इसके साथ ही शातिरों ने उसे दुबई का फ्री ट्रिप और कई अन्य आकर्षक ऑफर देने के बड़े-बड़े सपने दिखाए। आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित ने उन्हें मोटी रकम सौंप दी। पैसे ऐंठने के बाद आरोपियों ने हनी कुमार को बकायदा कुछ कच्ची रसीदें थमा दीं, जिन पर बकायदा दस्तखत  किए हुए थे। पीड़ित को बाद में तब गहरा झटका लगा जब उसे पता चला कि रसीदों पर किए गए वो दस्तखत पूरी तरह से जाली थे। आरोपियों ने जानबूझकर फर्जी दस्तखत किए थे ताकि बाद में वे मुकर सकें और कानूनी कार्रवाई से बच सकें। 

इस तरह आरोपियों ने पीड़ित के साथ लाखों-करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए छापेमारी की और आरोपी विशाल भारी (निवासी: फ्लैट नंबर ए-2, चौथी मंजिल, क्रॉस विंड लग्जरी होम्स, लुधियाना) और महिला आरोपी गुंजन जैन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गुंजन जैन का पति और मामले का तीसरा मुख्य आरोपी अभिषेक जैन (पुत्र बाल कृष्ण, निवासी: मकान नंबर 99/ए, सूरिया विहार, ऋषि नगर, लुधियाना) अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और उसे भी जल्द ही सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News