Indian Railway: ट्रेनों में बिना टिकट सफर पड़ा भारी, हजारों यात्रियों को रेलवे ने लगाया जुर्माना, पढ़ें...
punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 04:23 PM (IST)
लुधियाना ( गौतम) : फिरोजपुर मंडल के टिकट चेकिंग स्टॉफ की तरफ से ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा कर रहे रेलयात्रियों की प्रवृति पर रोक लगाने हेतु ट्रेनों में टिकट चेकिंग किया जा रहा है।
मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ एवं मुख्य टिकट निरीक्षकों द्वारा मई महीने के दौरान ट्रेनों में टिकट चेकिंग के दौरान कुल 43,068 यात्री बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते हुए पाए गए एवं उनसे जुर्माने के तौर पर लगभग 3 करोड़ 10 लाख रूपये का राजस्व वसूल किया गया। मई माह में 361 यात्रियों को स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने के कारण (एंटी लिटरिंग एक्ट) उनसे 55 हजार रूपये से अधिक वसूल किये गए। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि फिरोजपुर मंडल में टिकट चेकिंग अभियान जारी रहेंगे।
टिकट चेकिंग का मुख्य उद्देश्य वैध यात्रियों को सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान करना है। टिकट चेकिंग के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाता है कि अनधिकृत अथवा बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के कारण वैध यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो। मंडल के रेलवे स्टेशनों को साफ़-सुथरा बनाए रखने तथा आम जनता को स्टेशनों पर गंदगी फैलाने से रोकने एवं उनको साफ-सफाई के प्रति जागरूक बनाने के लिए मंडल के मुख्य स्टेशनों पर नियमित जांच की जाती है।

