ईजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम फिर हुआ फेल, सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में 3 घंटे ठप रहा प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन का काम
punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 11:09 AM (IST)
जालंधर (चोपड़ा): पंजाब सरकार की ओर से प्रॉपर्टी की रजिस्ट्रेशन सहित अन्य कार्यों को सरल व सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया ईजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम आए दिन तकनीकी खामियों के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। सोमवार को एक बार फिर ईजी रजिस्ट्रेशन का सर्वर अचानक ठप हो जाने से सब रजिस्ट्रार जालंधर-1 और सब रजिस्ट्रार जालंधर-2 कार्यालयों में करीब 3 घंटे तक कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। सर्वर बंद होने के कारण प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री, तबदील मलकियत, पावर ऑफ अटॉर्नी, मोरगेज सहित अन्य दस्तावेजों से संबंधित काम करवाने के लिए कार्यालय पहुंचे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। लोगों ने पहले से ऑनलाइन अप्वाइंमैंट थी, लेकिन सर्वर बंद होने के कारण निर्धारित समय पर उनका काम नहीं हो सका और उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में ईजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम सामान्य रूप से चल रहा था। करीब 1 बजे अचानक सर्वर ने काम करना बंद कर दिया। सिस्टम बंद होते ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से संबंधित सभी काम रुक गए। वहीं करीब 4 बजे सर्वर दोबारा चल पाया, लेकिन तब तक कई लोगों का निर्धारित समय निकल चुका था। सर्वर बंद रहने के कारण कार्यालयों में लोगों की भीड़ लगी रही। लोगों का कहना था कि जब सरकार ने ऑनलाइन अप्वाइंटमैंट की व्यवस्था शुरू की है तो सर्वर में बार-बार आने वाली तकनीकी खराबी का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। इस संबंध में सब रजिस्ट्रार-1 गुरप्रीत सिंह ने बताया कि ईजी रजिस्ट्रेशन का सर्वर हैड ऑफिस से संचालित होता है। उन्होंने बताया कि तकनीकी समस्या केवल जालंधर के सब रजिस्ट्रार कार्यालयों तक सीमित नहीं थी, बल्कि पंजाब भर की तहसीलों और सब-तहसीलों में भी इसका असर पड़ा है।
‘ईजी रजिस्ट्रेशन’, लोगों के लिए ‘डिफिकल्ट रजिस्ट्रेशन’ सिस्टम बना : जगजीत सिंह लक्की
पंजाब प्रदेश कांग्रेस व्यापार सेल के चेयरमैन जगजीत सिंह लक्की ने ईजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम के बार-बार ठप होने को लेकर पंजाब सरकार पर निशाना साधा है। ‘ईजी रजिस्ट्रेशन’, लोगों के लिए ‘डिफिकल्ट रजिस्ट्रेशन’ सिस्टम बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सोमवार को भी करीब 3 घंटे तक सर्वर बंद रहने से बड़ी संख्या में लोग परेशान हुए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


