ED की बड़ी कार्रवाई: PSIEC के अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 03:23 PM (IST)
पंजाब डेस्क: प्रवर्तन निदेशालय (ED) के जालंधर आंचलिक कार्यालय ने पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन (PSIEC) से जुड़े औद्योगिक भूखंडों के कथित अवैध आवंटन मामले में बड़ी कार्रवाई की है। धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत ED ने 4, 5 और 6 अगस्त 2026 को चंडीगढ़, अमृतसर, गुरदासपुर और लुधियाना में 11 परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया। इसके साथ ही PSIEC के कार्यालय में सर्वेक्षण भी किया गया।
जानकारी के अनुसार, यह जांच PSIEC के अधिकारियों द्वारा अपने रिश्तेदारों, मित्रों और अन्य सहयोगियों के नाम पर औद्योगिक भूखंडों के कथित अवैध आवंटन से संबंधित धन शोधन के मामले में की जा रही है।
तलाशी में दस्तावेज और डिजिटल उपकरण बरामद
ED की तलाशी के दौरान मामले से जुड़े कई आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और 12.15 लाख रुपये की अघोषित नकदी बरामद कर जब्त की गई। एजेंसी ने कार्रवाई के दौरान कई अहम रिकॉर्ड भी अपने कब्जे में लिए हैं।
पूर्व अधिकारियों के खातों में 4.01 करोड़ रुपये फ्रीज
इसके अलावा PSIEC के सेवानिवृत्त अधिकारियों सुरिंदर पाल सिंह, पूर्व मुख्य महाप्रबंधक और जसविंदर सिंह रंधावा, पूर्व महाप्रबंधक के बैंक खातों में मौजूद करीब 4.01 करोड़ रुपये की धनराशि फ्रीज की गई है। ED की यह कार्रवाई मामले में कथित अवैध आवंटन और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच का हिस्सा है।

