‘5 हजार दो, छुट्टी मिलेगी’... परेशान कॉलेज कर्मचारी ने दी जा''न , VIDEO में लगाए आरोप
punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 02:51 PM (IST)
तरनतारन: तरनतारन के श्री गुरु अर्जुन देव सरकारी कॉलेज में तैनात एक कर्मचारी ने रविवार रात कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान तरसेम सिंह के रूप में हुई है, जो कॉलेज की लाइब्रेरी में पिछले करीब 26 वर्षों से काम कर रहा था। घटना से पहले तरसेम सिंह ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए कॉलेज के सुपरिंटेंडेंट जगतार सिंह को जिम्मेदार ठहराते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।
वीडियो में तरसेम सिंह ने दावा किया कि पिछले करीब एक साल से उसे लगातार परेशान किया जा रहा था। उसका आरोप था कि बीमारी के दौरान मेडिकल छुट्टी लेने पर उससे 5 हजार रुपए लिए गए। इसके अलावा लोन से जुड़े एक दस्तावेज के काम के लिए भी 5 हजार रुपए लेने का आरोप लगाया। तरसेम सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि एक महीने की मेडिकल छुट्टी के दौरान उसके परिवार को छुट्टी से संबंधित काम के लिए कई बार कॉलेज के चक्कर लगाने पड़े। उसने दावा किया कि उसकी बेटी छुट्टी के कागजात देने के लिए कॉलेज गई, लेकिन उसे वापस भेज दिया गया।उसे मृतक कर्मचारी ने वीडियो में आरोप लगाया कि उससे दोबारा 5 हजार रुपए की मांग की जा रही थी और पैसे नहीं देने पर तबादला करवाने की धमकी दी गई। उसने कॉलेज परिसर में उसके साथ कथित तौर पर हुए व्यवहार की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज देखने की बात भी कही।
एक तारीख को प्रिंसिपल ने मुझे कॉलेज बुलाया और कहा कि जैसी भी तेरी हालत है, एक बार आकर मुझसे मिलो। वह बड़े प्यार से बोले और जगतार को मिलने को बोला। तरसेम सिंह ने अपने वीडियो में 1 तारीख को कॉलेज में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उस दिन उसके साथ हुए व्यवहार की सच्चाई सीसीटीवी फुटेज से सामने आ सकती है। उसने दावा किया कि उसने सुपरिंटेंडेंट से काफी माफी मांगी और हाथ जोड़कर अपनी बात रखी, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई।
तरसेम सिंह ने वीडियो में अपने परिवार के लिए इंसाफ की मांग करते हुए कहा कि अगर उसे न्याय नहीं मिलता है तो उसके अंतिम संस्कार से पहले उसकी लाश कॉलेज परिसर में रखी जाए। उसने संबंधित अधिकारियों से मामले में जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की। मृतक कर्मचारी ने वीडियो में स्पष्ट रूप से सुपरिंटेंडेंट जगतार सिंह को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया और कहा कि उसके परिवार को इंसाफ मिलना चाहिए। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे अपनी पहुंच का रौब दिखाकर लगातार धमकाया जाता था और उसका तबादला करवाने की बात कही जाती थी।
कर्मचारी की पत्नी का आरोप
तरसेम सिंह की पत्नी नीतू ने अपने पति की मौत के बाद कॉलेज के सुपरिंटेंडेंट जगतार सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नीतू के मुताबिक, उनके पति सामान्य तरीके से अपनी नौकरी कर रहे थे और किसी तरह की परेशानी नहीं थी, लेकिन जगतार सिंह की ओर से उन्हें लगातार दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ रहा था। नीतू ने आरोप लगाया कि जब भी उनके पति को कॉलेज से संबंधित कोई काम करवाना होता था, तो उनसे 5 हजार रुपए देने की मांग की जाती थी। रकम नहीं देने पर उन्हें धमकाया जाता था कि उनका तबादला करवा दिया जाएगा।
पत्नी का आरोप है कि उनके पति से बार-बार पैसों की मांग की जाती रही। इतना ही नहीं, उनके वेतन से जुड़े काम में भी कथित तौर पर अड़चनें डाली जाती थीं। नीतू के अनुसार, दूसरे कर्मचारियों के बिल समय पर तैयार हो जाते थे, लेकिन उनके पति के बिलों को रोक दिया जाता था। नीतू ने यह भी दावा किया कि उनके पति को बार-बार परेशान किया जाता रहा और उन्हें अलग-अलग तरीके से दबाव में रखा गया। उनका कहना है कि इसी लगातार तनाव और कथित धमकियों से परेशान होकर उनके पति ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई और उन्हें इंसाफ दिलाने की मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

