धागे वाली डोर भी टूटने नहीं देगी ''पतंगबाजी'' का भरोसा

punjabkesari.in Friday, Jan 08, 2021 - 01:35 PM (IST)

लुधियाना (राज): बेशक इन दिनों प्लास्टिक डोर से पतंगबाजी करने का चलन बढ़ा है जिससे लोगों का मोह नहीं टूट पा रहा है लेकिन डोर बनाने वाले कारीगरों की अगर मानें तो धागे वाली डोर पतंगबाजी में प्लास्टिक डोर से कम भरोसेमंद नहीं है।

हालांकि प्लास्टिक डोर से पतंगबाजी करने वाले मानते हैं कि धागे वाली डोर किसी काम की नहीं है लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि पारंपरिक धागे वाली डोरों में ऐसी-ऐसी क्वालिटी है जिसका प्लास्टिक डोर भी मुकाबला नहीं कर सकती। शहर में अभी भी ऐसे लोग हैं जोकि धागे वाली डोर का पूरे विश्वास से इस्तेमाल करते हैं। जहां प्लास्टिक डोर इंंसान एवं पक्षियों के साथ-साथ पर्यावरण के लिए घातक है, वहीं धागे वाली डोर का कोई नुक्सान नहीं है। वीरवार को प्लास्टिक डोर के खिलाफ चलाए अभियान के तहत पंजाब केसरी की टीम ने दरेसी में कई वर्षों से धागा सूतने वालों से बात की।

पिछले 35 वर्षों से धागा सूतने वाले रमेश कुमार ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से धागे को सूतने का काम कर रहा है। वे लोग लोहड़ी के सीजन में डोर सूतते हैं। प्लास्टिक डोर के चलन के कारण उनका व्यापार काफी हद तक कम हुआ है लेकिन अभी भी कुछ शौकीन हैं जो पारंपरिक धागे को अपने मुताबिक सुतवाकर पतंगबाजी का मजा लूटते हैं।

डोर के कारीगर झगड़ू ने बताया कि उसका परिवार भी पीढिय़ों से डोर सूतने के काम में लगा हुआ है। ग्राहक की पसंद के हिसाब से वे मांझा तैयार करते हैं। जब से प्लास्टिक डोर आई है, उनका काम खत्म होने की कगार पर है। लोगों का मानना है कि प्लास्टिक डोर धागे वाली डोर से सस्ती है, मगर देखा जाए तो वह महंगी पड़ती है। अगर एक बार प्लास्टिक डोर खुल जाए तो उसे दोबारा लपेटना मुश्किल है जिससे डोर ज्यादा लगती है।

पंजाब केसरी का अभियान सराहा, प्लास्टिक डोर पर सख्त कार्रवाई की मांग
दरेसी में डोर सूतने वालों ने प्लास्टिक डोर के खिलाफ पंजाब केसरी द्वारा चलाए अभियान की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा है कि प्लास्टिक डोर लोगों के साथ-साथ पशु-पक्षियों के लिए भी जानलेवा है। इससे कई लोग जख्मी हो चुके हैं और कई घायल हो चुके हैं। उन्होंने मांग की है कि प्लास्टिक डोर पूरी तरह से बंद हो और उसे बेचने वालों पर कार्रवाई हो।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tania pathak

Recommended News

Related News