फैक्ट्री से सामान चुराकर भाग रहे बाइक सवार चोरों को चौकीदार ने दबोचा, खंभे से बांधकर की धुनाई
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 09:34 AM (IST)
लुधियाना(राज): थाना डिवीजन नंबर-2 के अंतर्गत आती पुलिस चौकी जनकपुरी के इलाके इंडस्ट्रियल एरिया-ए में एक फैक्ट्री से सामान चोरी कर भाग रहे बाइक सवार दो शातिर चोरों को फैक्ट्री के मुस्तैद चौकीदार ने रंगेहाथ दबोच लिया। चौकीदार ने भाग रहे आरोपियों की बाइक को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। शोर सुनकर एकत्र हुए आसपास के लोगों ने दोनों चोरों को पकड़ कर बिजली के खंभे से बांधकर जमकर धुनाई की और बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया।
बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट
फैक्ट्री के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर आरोपियों की पूरी करतूत सामने आ गई। बाइक सवार दोनों आरोपी पहले फैक्ट्री के बाहर आकर रुके और आसपास नजर दौड़ाई। इसके बाद बाइक के पीछे बैठा युवक नीचे उतरा और चुपके से फैक्ट्री के अंदर दाखिल होकर सामान का बॉक्स उठा लाया। आरोपी बॉक्स को बाइक पर रखकर तेजी से भागने की फिराक में ही थे कि फैक्ट्री के चौकीदार की नजर उन पर पड़ गई। सामान चोरी होते देख चौकीदार ने बिना किसी देरी के भाग रहे बाइक सवार चोरों का पीछा किया। उसने पीछे से दौड़कर बाइक को जोरदार धक्का दे दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सडक़ पर पलट गई और दोनों आरोपी सामान के बॉक्स सहित नीचे गिर पड़े।
गुस्साए लोगों ने दोनों की जमकर छित्तर-परेड
चौकीदार के शोर मचाने पर आसपास की फैक्ट्रियों के मजदूर और राहगीर तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया और भागने से रोकने के लिए उन्हें पास ही स्थित बिजली के खंभे से रस्सियों से बांध दिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने दोनों की जमकर छित्तर-परेड की। घटना की सूचना तुरंत पुलिस चौकी जनकपुरी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से दोनों आरोपियों को छुड़ाकर हिरासत में लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर जांच की जा रही है।

