JCB लेकर घर में घुसे लोगों ने मचाई तोड़फोड़, हुड़दंग मचाने के बाद CCTV भी उखाड़ ले गए आरोपी
punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 06:19 PM (IST)
फरीदकोट(राजन): फरीदकोट की ग्रीन सिटी में एक मकान में जे.सी.बी. मशीन लेकर जबरन घुसने, तोड़फोड़ करने, सी.सी.टी.वी. कैमरे तोड़कर ले जाने और महिला का मोबाइल फोन छीनने के आरोप में सिटी कोतवाली फरीदकोट पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रमिंदर कौर, पत्नी स्वर्गीय जगजोध सिंह ढिल्लों, निवासी ग्रीन सिटी, फरीदकोट ने बताया कि 1 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान दर्शन सिंह निवासी ग्रीन सिटी, कोटकपूरा रोड, फरीदकोट, उसका दोहता गुरनूर सिंह, एक जे.सी.बी. चालक तथा करीब 9 अन्य अज्ञात व्यक्ति जेसीबी मशीन और हथियारों के साथ कथित तौर पर जबरन उनके घर में घुस आए।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने जे.सी.बी. से उनकी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया तथा घर में लगे तीन सी.सी.टी.वी. कैमरे तोड़कर अपने साथ ले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपने मोबाइल फोन से घटना की वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और उनका मोबाइल फोन छीन लिया, जिसमें महत्वपूर्ण डेटा मौजूद था।
शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली फरीदकोट के जांच अधिकारी ए.एस.आई. सुखजीत सिंह ने दर्शन सिंह, गुरनूर सिंह, जे.सी.बी. चालक तथा 9 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

