प्लॉट विवाद में किसान की मौत, परिजनों ने किया हंगामा, शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 05:27 PM (IST)

गुरदासपुर (हरमन): कस्बा काहनूंवान के मोहल्ला नया पिंड में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने गुरदासपुर–श्रीहरगोबिंदपुर रोड पर सठियाली के पास शव रखकर रोष प्रदर्शन किया और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने पड़ोसियों पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव के सरपंच सतनाम सिंह लवली वाले, पंच दलेर सिंह और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मृतक किसान कुलविंदर सिंह बिट्टू का अपने पड़ोसियों के साथ एक छोटे से प्लॉट को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था, जो कई बार तनाव का कारण बन चुका था।

परिजनों के आरोपों के अनुसार, शनिवार को जब वह धान की नर्सरी को पानी लगाने खेत गया, तो कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि बाद में उसे जबरन एक फार्म हाउस में ले जाकर अन्य लोगों के साथ मिलकर बुरी तरह पीटा गया। बताया जा रहा है कि उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और कई हड्डियां भी टूटी हुई थीं, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई।

परिवार का कहना है कि आरोपियों से संपर्क करने पर उन्होंने खुद बताया कि घायल किसान फार्म हाउस में पड़ा है। इसके बाद परिजन उसे वहां से लेकर गुरदासपुर के एक निजी अस्पताल में पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक परिवार का मुखिया और घर का कमाने वाला सदस्य था, जबकि उसके बच्चे विदेश में रहते हैं। इस घटना से परिवार पर गहरा सदमा पड़ा है।

प्रदर्शन के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि थाना काहनूंवान की पुलिस ने मामले में ढिलाई बरती है और कार्रवाई संतोषजनक नहीं रही। उन्होंने आरोपियों को जल्द काबू कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News