खेतों को पानी लगाने गए किसान के साथ बड़ी वारदात, इंसाफ की मांग कर रहा परिवार
punjabkesari.in Monday, Jul 07, 2025 - 01:54 PM (IST)

कोटकपूरा (नरिंदर): नजदीकी गांव संधवां में खेतों में पानी लगाने गए एक व्यक्ति की अज्ञात लोगों ने तेजधार हथियारों से हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव संधवां निवासी 47 वर्षीय जगमोहन सिंह के रूप में हुई है और इस मामले में सदर थाना कोटकपूरा पुलिस ने उसके भाई के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जगमोहन सिंह मंडीकरन बोर्ड में इलेक्ट्रीशियन के पद पर काम करता था और खेतीबाड़ी भी करता था। बीती रात करीब 2 बजे वह अपने घर से खेतों में पानी लगाने जा रहा था कि अज्ञात लोगों ने उसके सिर पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की तो वह खेतों में लहूलुहान हालत में मिला। उसे तुरंत कोटकपूरा के सिविल अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में मृतक के चाचा बलदेव सिंह ने हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि मृतक तीन बच्चों का पिता था। डीएसपी जतिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई के बयानों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here