मोहाली में इकट्ठे हुए हजारों किसानों का चंडीगढ़ की तरफ मार्च शुरू, पुलिस ने ट्रैफिक किया Divert
punjabkesari.in Saturday, Nov 26, 2022 - 02:53 PM (IST)

मोहाली: पंजाब के किसान संगठनों ने गुरुद्वारा अंब साहिब से चंडीगढ़ के राजभवन की तरफ कूच शुरू कर दिया है। इसके मद्देनजर पुलिस ने मोहाली के फेज-7 से जाने वाले ट्रैफिक को अलग-अलग रूटों पर डायवर्ट कर दिया है।
किसान नेताओं ने बताया कि उनकी तरफ से अपनी मांगों को लेकर राज्यपाल को मांग पत्र सौंपा जाएगा। किसानों का कहना है कि केंद्र सरकार ने अपने वादे मुताबिक मानी हुई मांगे लागू नहीं की गई , जिस कारण किसान चंडीगढ़ की तरफ कूच कर रहे हैं और एक नए आंदोलन की तैयारी में नजर आ रहे हैं।
संयुक्त किसान मोर्चा ने अपनी मांगों में दिल्ली मोर्चे की पेंडिंग मांगों का हल करने की मांग की है। एस.के.एम. ने मांग की है कि 60 वर्ष की उम्र से ऊपर किसानों को पेंशन दी जाए। किसानों पर दर्ज पर्चे वापिस लिए जाएं। किसानों का कर्ज माफ किया जाए। एम.एस.पी. की मांग पेंडिंग पड़ी है जो केंद्र सरकार ने नहीं मानी है उसे पूरा किया जाए। लखीमपुरी खीरी हिंसा मामले में इंसाफ मिले।