जालंधर में 2 बेटियों के पिता ने किया Suicide, मरने से पहले बनाई वीडियो में छलका दर्द
punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 06:52 PM (IST)
जालंधर : कर्ज और कथित प्रताड़ना के बोझ तले एक और जिंदगी खत्म हो गई। जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके में स्थित मछली मार्किट में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक लॉटरी दुकान के कर्मचारी ने दुकान के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 45 वर्षीय अरुण कुमार उर्फ लक्की निवासी शहीद बाबू लाभ सिंह नगर के रूप में हुई है, जिसकी दो बेटियां हैं। मरने से पहले उक्त व्यक्ति ने वीडियो बनाया और अपनी पत्नी को भेज दिया, जिसमें कईयों के नाम लिखे हुए थे।
बताया जा रहा है कि अरुण कुमार पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में था। परिवार के अनुसार उसने बेटी के इलाज के लिए कुछ लोगों से ब्याज पर पैसे उधार लिए थे, लेकिन समय पर किश्तें न चुका पाने के कारण उसे लगातार परेशान किया जा रहा था। इसी तनाव ने आखिरकार उसकी जिंदगी छीन ली।
घटना के बाद पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट और वॉयस रिकॉर्डिंग मिली है। जांच में सामने आया कि मृतक ने मरने से पहले परिवार को WhatsApp पर मैसेज भेजा था, जिसमें उसने कुछ लोगों के नाम लिखे और खुद को परेशान किए जाने का जिक्र किया। मृतक की पत्नी सोनिया ने आरोप लगाया कि कर्ज देने वाले लोग उसके पति पर लगातार दबाव बना रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से टूट चुका था। देर रात वह घर से निकला था और काफी परेशान दिखाई दे रहा था। सुबह उसकी मौत की खबर ने परिवार को सदमे में डाल दिया।
थाना नंबर 1 के प्रभारी राकेश कुमार के मुताबिक पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। सुसाइड नोट, वॉयस रिकॉर्डिंग और परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

