अपने ही बेटे को जहरीला बिस्कुट देकर मारने वाला पिता 2 दिन के रिमांड पर, जांच के घेरे में मेडिकल स्टोर

punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 10:25 AM (IST)

जालंधर (महेश): गांव हजारा में अपने ही मासूम बेटे की हत्या करने वाले आरोपी प्रवासी मजदूर को थाना पतारा की पुलिस ने काबू करने के बाद उसे माननीय अदालत में पेश कर उसका 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।

एस.एच.ओ. पतारा राम किशन के अनुसार मूल रूप से बिहार के जिला मध्यपुरा के गांव मत्करचक्क थाना बिहारीगंज के रहने वाला उक्त आरोपी गजेन्द्र मुखिया अपने परिवार समेत काफी समय से गांव हजारा में रहता है और वहीं पर काम करता था। उसने अपने 6 साल के सगे बेटे रूपेश को बिस्कुट पर जहरीली दवाई लगाकर दी थी, जिसे खाने के बाद उसकी मौत हो गई थी। गजेन्द्र मुखिया अपने बच्चे को जहरीला बिस्कुट खिलाकर अपने जीजा को इस मामले में फंसाना चाहता था तांकि वह उससे अपनी किसी पुरानी दुश्मनी का बदला ले सके।

एस.एच.ओ. ने कहा कि पुलिस ने गजेन्द्र मुखिया के खिलाफ उसकी पत्नी ममता देवी के बयानों पर ही हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस ने उस मेडिकल स्टोर का भी पता लगा लिया है, जहां से आरोपी गजेन्द्र मुखिया ने अपने बेटे को देने के लिए जहरीली दवाई खरीदी थी। पुलिस उसे भी इस मामले में पूछताछ के लिए शामिल कर सकती है क्योंकि कई पाबंदीशुदा दवाइयां मैडीकल स्टोर पर नहीं बेची जा सकतीं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News