जालंधर-अमृतसर हाईवे पर आग लगने से लगा लंबा जाम, जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 02:08 PM (IST)
जालंधर : जालंधर-अमृतसर हाईवे पर बल अस्पताल के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सर्विस लेन में बनी एक झोपड़ी में अचानक आग भड़क उठी। पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर दूर लगी इस आग की लपटों ने पूरी सर्विस लेन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे करीब आधे घंटे तक आवाजाही ठप रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि करतारपुर की ओर जाने वाले वाहनों को रोकना पड़ा। दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक झोपड़ी पूरी तरह जल चुकी थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह झोपड़ी राजू नामक एक प्रवासी की थी, जो करीब दो हफ्ते पहले ही यहां से जा चुका था। झोपड़ी में रखे पुराने कपड़े और सामान आग में जल गए। आसपास पड़े सूखे पत्तों की वजह से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
थाना डिविजन-1 के अधिकारी चरनजीत सिंह ने बताया कि आग लगने की जानकारी एक राहगीर ने दी थी। फिलहाल आग लगने की ठोस वजह सामने नहीं आई है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि किसी की फेंकी हुई जलती बीड़ी या सिगरेट से सूखे पत्तों में आग लगी हो। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

