गोलियों की आवाज से दहला जालंधर! डरे सहमे इलाका वासी

punjabkesari.in Saturday, Nov 22, 2025 - 01:26 PM (IST)

जालंधर (वरुण): शहर फायरिंग की वारदात सामने आई है। एक जीजा ने अपने साले पर फायरिंग कर दी है। गढ़ा के गुरु दीवान नगर में वीरवार देर रात जीजा ने अपने ही साले पर गोली चला दी। गोली युवक के गुट पर लगी जिसके बाद दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए। फायरिंग सूचना मिलते ही थाना 7 की पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शुक्रवार को पीड़ित युवक सामने आया जिसने अपने जीजा के खिलाफ थाना 7 में शिकायत दर्ज करवाई।

PunjabKesari

इलाके के लोगों ने बताया कि जीजा श्याम और साला अमरजीत में 3 लाख रुपए की ड्रग मनी के लेनदेन का विवाद चल रहा है। पुलिस रिकार्ड के अनुसार दोनों के खिलाफ नशे और मारपीट के केस भी दर्ज हैं जिससे ड्रग मनी का विवाद ही गोली चलने का सही कारण बताया जा रहा है। जीजा श्याम और साला अमरजीत दोनों ही गढ़ा के रहने वाले हैं। थाना 7 के प्रभारी बलजिंदर सिंह ने बताया कि देर रात गोली चलने के सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके से गोली का खोल तो नहीं मिला लेकिन सड़क पर खून फैला हुआ था। पुलिस ने एक घर में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों का डी.वी.आर. कब्जे में लिया है। फॉरेंसिक लैब ने भी सड़क पर फैले खून के सैंपल लिए है जबकि अन्य अवशेष भी लिए है। पुलिस की माने तो देर रात किसी भी पक्ष का कोई बयान नहीं आया था और न ही कोई पक्ष सामने आया।

स्थानीय लोगों ने दावा किया था कि गोली अमरजीत नाम के व्यक्ति के हाथ पर गली है, जिसके बाद पुलिस ने कुछ अस्पताल भी खंगाले लेकिन वहां से भी कोई गनशॉट का मामला नहीं मिला। शुक्रवार को अचानक पता लगा कि अमरजीत नाम का व्यक्ति सिविल अस्पताल दाखिल है, जिसके हाथ पर गोली लगी है। पुलिस तुरंत सिविल अस्पताल पहुंची और अमरजीत के बयान दर्ज किए गए। थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह ने कहा कि अमरजीत ने अपने बयानों में लिखवाया है कि उसके जीजा श्याम ने उसे मारने की नीयत से गोली चलाई। सूत्रों की मानें तो श्याम के पास लाइसैंसी रिवाल्वर नहीं है जिसके चलते गोली अवैध पिस्तौल से ही चलाई गई।

पुलिस का कहना है कि गोली चलाने के पीछे सही कारण सामने नहीं आए हैं लेकिन जांच की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्ध युवकों को भी हिरासत में लिया है और गोली चलाने वाले श्याम की तलाश में रेड किए जा रहे हैं। शुक्रवार देर रात पुलिस एफ.आई.आर. दर्ज करने की भी तैयारी कर रही थी। एस.एच.ओ. ने पुष्टि की है कि दोनों के खिलाफ नशे और लड़ाई झगड़े के पहले से ही केस दर्ज हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News