फिरोजपुर रेल मंडल ने बनाया नया रिकॉर्ड, 7 महीने में कमाए 935.80 करोड़ रुपये
punjabkesari.in Friday, Nov 06, 2026 - 12:05 PM (IST)
फिरोजपुर (कुमार, परमजीत, खुल्लर): फिरोजपुर रेल मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए अक्तूबर 2026 में 140 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया है। यह निर्धारित लक्ष्य का 104 प्रतिशत से अधिक है। वहीं, पिछले वित्त वर्ष के अक्तूबर महीने की तुलना में राजस्व में 64 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्तूबर तक मंडल का कुल माल ढुलाई राजस्व 935.80 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि अक्तूबर महीने में माल ढुलाई से होने वाली आय में खाद्यान्न का सबसे बड़ा योगदान रहा। खाद्यान्न की लोडिंग से 87.86 करोड़ रुपये, जबकि पीएफजी लोडिंग से 38 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले खाद्यान्न लोडिंग में 34 प्रतिशत और पीएफजी लोडिंग में 100 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके अलावा मंडल ने ई-ऑक्शन के जरिए एसएलआर लीजिंग और गुड्स शेड में डिजिटल वीडियो वॉल विज्ञापन जैसी नई पहल शुरू कीं। इनसे 8.741 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया।
अक्तूबर महीने में मंडल ने कई अन्य उपलब्धियां भी हासिल कीं। इनमें बांग्लादेश को आरसीएफ कोचों का निर्यात, लुधियाना से होजरी सामान की ढुलाई, खराब होने वाली वस्तुओं की रिकॉर्ड लोडिंग और साहनेवाल-मुंडियामपक्कम पीसीईटी सेवा की शुरुआत शामिल है। सैनी ने बताया कि फिरोजपुर रेल मंडल व्यापारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और ग्राहक-केंद्रित माल ढुलाई सेवाओं को बढ़ावा देने पर काम कर रहा है, ताकि माल परिवहन को और बेहतर बनाया जा सके।

