2000 के बाद पैदा कोई पहली बार बना MLA, इस सुरों की मल्लिका ने रचा इतिहास

punjabkesari.in Monday, Nov 17, 2025 - 12:25 PM (IST)

पंजाब डेस्कः गायकी से देश भर में मशहूर हुईं Maithili Thakur अब राजनीति में भी अपना परचम लहरा रही हैं। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अलीनगर सीट से भाजपा उम्मीदवार के रूप में उन्होंने शानदार जीत दर्ज की है। सिर्फ 25 साल की उम्र में विधायक बनने के बाद वे देश की सबसे युवा नेताओं में शामिल हो गई हैं।

कौन हैं मैथिली ठाकुर?
मैथिली पहले एक लोकप्रिय रियलिटी शो का हिस्सा रह चुकी हैं। उनकी मधुर आवाज़ की काफी तारीफ हुई, हालांकि वह शो नहीं जीत सकीं। लेकिन राजनीति में कदम रखते ही उनकी लोकप्रियता और भी बढ़ गई। उनकी कमाई का मुख्य साधन गायन, सोशल मीडिया और ब्रांड प्रमोशन है। खबरों के अनुसार, वह एक लाइव परफॉर्मेंस के लिए 5 से 7 लाख रुपए तक चार्ज करती हैं।

परिवार और शिक्षा
मैथिली का जन्म 25 जुलाई 2000 को बिहार के मधुबनी जिले के उरेन गांव में हुआ। उनके पिता रमेश ठाकुर संगीतकार हैं और वही मैथिली के पहले गुरु भी हैं। उनकी मां भारती ठाकुर गृहिणी हैं। उनके दो छोटे भाई ऋषभ और अयाची भी संगीत के साथ जुड़े हैं। पढ़ाई की शुरुआत घर से हुई। बाद में दिल्ली में बाल भवन इंटरनेशनल स्कूल में दाखिला मिला, जहां उन्हें स्कॉलरशिप भी मिली। 12वीं के बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज से B.A. की पढ़ाई की।

उपलब्धियां
2021 में उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार
2022 में इंडिया प्राइड अवॉर्ड
2024 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कल्चरल एंबेसडर ऑफ द ईयर अवॉर्ड
मधुबनी जिले की इलेक्शन आइकॉन

चुनाव जीत का आंकड़ा
चुनाव आयोग के अनुसार, मैथिली ने 84,915 वोट हासिल किए।
उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी, RJD के बिनोद मिश्रा को 73,185 वोट मिले।
इस तरह मैथिली ने 11,730 वोटों से बड़ी जीत दर्ज की।

भविष्य की संभावनाएं
मैथिली ठाकुर की लोकप्रियता, सोशल मीडिया पर मजबूत उपस्थिति और युवाओं में पकड़ को देखते हुए माना जा रहा है कि वे बिहार की राजनीति में लंबा सफर तय कर सकती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News