Ludhiana: कंपनी का गोपनीय डेटा चोरी कर धोखाधड़ी का आरोप, Couple सहित 3 के खिलाफ केस दर्ज
punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2026 - 11:52 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में कॉर्पोरेट विश्वासघात और इलेक्ट्रॉनिक डेटा चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। विदेशी ई-कॉमर्स ग्राहकों को टैक्सेशन और कंप्लायंस सेवाएं प्रदान करने वाली एक फर्म का गोपनीय इलेक्ट्रॉनिक डेटा व क्लाइंट्स की जानकारी चोरी कर समानांतर कंपनी खड़ी करने और ग्राहकों को तोड़ने के आरोप में पुलिस ने एक युवक, उसकी पत्नी और उसकी सास के खिलाफ धोखाधड़ी व विश्वासघात की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता निपुन बांसल की दर्ख्वास्त पर हुई गहन पड़ताल के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस को दी शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, शिकायतकर्ता निपुन बांसल की कंपनी विदेशी ई-कॉमर्स ग्राहकों को टैक्सेशन और कंप्लायंस से जुड़ी सेवाएं प्रदान करती है। आरोप है कि इस दौरान आरोपी शुभम गर्ग ने अपनी पत्नी काजल कनौजिया और सास नीलम कनौजिया के साथ मिलीभगत कर अपनी एक अलग पार्टनरशिप फर्म 'ग्लोवैट' बना ली। इसके बाद तीनों आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत शिकायतकर्ता की कंपनी का गोपनीय इलेक्ट्रॉनिक डेटा और ग्राहकों की महत्वपूर्ण जानकारी चोरी कर ली।
जांच में यह भी सामने आया कि डेटा चोरी करने के बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता की फर्म के करीब 35 पुराने और नए ग्राहकों (जिनमें 'टर्निंग प्वाइंट नेचुरल केयर' भी शामिल है) को जाली (फर्जी) ई-मेल भेजकर गुमराह किया। आरोपियों ने इन ग्राहकों को कम रेट पर सेवाएं देने का लालच देकर अपनी नई फर्म 'ग्लोवैट' की तरफ शिफ्ट कर लिया और शिकायतकर्ता की फर्म के साथ बड़ी धोखाधड़ी व विश्वासघात किया। शिकायतकर्ता निपुन बांसल की ओर से दी गई शिकायत की जांच-पड़ताल के बाद आरोप सही पाए जाने पर संबंधित थाना पुलिस ने शुभम गर्ग, काजल और नीलम तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, साजिश रचने और आई.टी. एक्ट/डेटा चोरी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुकदमा दर्ज कर मामले की आगामी तफ्तीश शुरू कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

