ASI ने बड़े चाव से कनाडा भेजी बहू, Work Permit मिलते ही बदले रंग... करतूत जान हिला पूरा परिवार
punjabkesari.in Tuesday, Feb 14, 2023 - 03:23 PM (IST)

जालंधर,(सुनील): जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के ए.एस.आई. के बेटे को विदेश ले जाने के सपने दिखा कर एक साल पहले शादी कर आई बहू धोखा दे गई। खुद कनाडा जाकर वह तब तक अपने ससुराल परिवार के साथ सम्पर्क में रह रही जब तक उसका ससुर व पति उसे रहने व पढ़ाई के लिए खर्चा भेजता रहा लेकिन जब पढ़ाई पूरी होकर उसे वर्क परमिट मिला तो वह किसी अन्य लड़के के साथ कनाडा में लिव इन रिलेशन में रहने लगी। ए.एस.आई. के बेटे का आरोप है कि उसकी पत्नी साथ में गहने, लैपटॉप और पैसे भी साथ ले गई थी जबकि विदेश भेजने का खर्चा भी उन्हीं ने उठाया था।
थाना मकसूदां की पुलिस ने ए.एस.आई. की बहू हरमन पुत्री शरणदास निवासी शेरपुर मकसूदां समेत पिता हरणदास और मां कमलेश निवासी सिधांवा दोनों कपूरथला के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। ए.एस.आई. के बेटे भूपिंदर सिंह ने बताया कि हरमन के साथ उसकी शादी 21 सितंबर 2018 को सादे ढंग से हुई थी। हालांकि उन्होंने हरमन को गहने पहनाए थे जबकि अन्य खर्चा भी उन्हीं ने किया था क्योंकि लड़की पक्ष ने कहा था कि उनकी बेटी का आइलेट्स में 6 बैंड आए हैं, वह उसे कनाडा भेजने का खर्चा कर देंगे तो उनके भूपिंदर सिंह को भी वह कनाडा बुला लेंगे। ए.एस.आई. के परिवार ने लड़की वालों की बात मान ली।
हरमन करीब एक साल तक अपने मायके रiukmही जिस दौरान उसके द्वारा किए डिप्लोमा का खर्चा भी ए.एस.आई. ने किया। 21 अगस्त 2019 को हरमन कनाडा चली गई। आरोप है कि कनाडा जाने के लिए वीजा, मैडीकल, एयरटिकट, एडमिशन आदि जो भी खर्चा आया, वह उन्होंने किया था। उसकी पढ़ाई और रहने खाने के लिए भी खर्चा पति ही भेजता था, जिसके उनके पास सारे सबूत हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान हरमन ने 5 बार पेपर भेजे लेकिन पांचों पर वीजा रिजैक्ट करवा दिया गया। आरोप है कि जब हरमन की पढ़ाई खत्म हुई और उसे वर्क परमिट मिला तो उसने सम्पर्क तोड़ दिया व फोन तक उठाने बंद कर दिए। पीड़ित परिवार ने हरमन के माता-पिता के साथ बात की तो उन्होंने ने भी उनकी नहीं सुनी। भूपिंदर सिंह ने कहा कि लड़की वालों ने पुरी प्लानिंग के साथ यह शादी करवाई थी ताकि बेटी को विदेश भेजने के लिए खर्चा मिल जाए। इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों को दी गई तो पुलिस ने जांच के बाद हरमन समेत उसके माता-पिता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। फिलहाल हरमन के माता-पिता की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।