सी.एम. का पी.ए. बनकर सरकारी अधिकारियों व अन्य को धोखा देने वाला कांस्टेबल गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2020 - 10:37 AM (IST)

पटियाला/जालंधर(बलजिन्द्र, धवन): पंजाब पुलिस ने सिपाही मनजिन्दर सिंह को मुख्यमंत्री का निजी सहायक बनकर सरकारी अधिकारियों और अन्य को धोखा देने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

डी.जी.पी. दिनकर गुप्ता ने स्पैशल डी.जी.पी. पंजाब आर्म्ड पुलिस को हिदायत की है कि उक्त सिपाही को बर्खास्त किया जाए, जोकि आपराधिक मामलों में शामिल पाया गया है और पहले 3 अलग-अलग मामलों में बरी हो चुका है। साल 2006 दौरान पंजाब पुलिस में बतौर सिपाही भर्ती हुआ यह पुलिस कर्मचारी मौजूदा समय 1 आई.आर.बी. की तरफ से 21 नंबर ओवरब्रिज, पटियाला में सिपाही गार्ड के तौर पर तैनात था।

गुप्ता ने बताया कि सचिव (खर्चा) और डायरैक्टर (माइनिंग) विजय एन जादे की तरफ से दी जानकारी के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। विजय जादे ने बताया था कि उनको एक व्यक्ति का फोन आया था जो दावा कर रहा था कि वह मुख्यमंत्री की रिहाइश से बोल रहा है। जब इसकी जांच की गई तो पता लगा कि कोई भी ऐसा व्यक्ति मुख्यमंत्री की रिहाइश या दफ्तर में ड्यूटी पर नहीं था। हालांकि, ट्रूकालर पर दिखाया गया था कि यह काल मुख्यमंत्री निवास से आई है।

डी.जी.पी. ने बताया कि एम.बी.ए. पास यह संदिग्ध व्यक्ति अलग-अलग सरकारी अधिकारियों को फोन करता था और अक्सर खुद को मुख्यमंत्री का निजी सहायक कुलदीप सिंह के तौर पर पेश करता था। उन्होंने कहा कि वह अपनी असली पहचान को बचाने के लिए टैक्नोलॉजी को बहुत चालाकी के साथ प्रयोग करता था। वह ट्रूकालर एप में अदला-बदली करके अपने आप को मुख्यमंत्री दफ्तर चंडीगढ़, एस.एस.पी. चंडीगढ़, डी.सी. मुक्तसर के अलावा कई अन्य व्यक्तियों के तौर पर पेश करता था।

गुप्ता ने बताया इस सिपाही के कब्जे में से 12 सिम कार्डों समेत लावा, सैमसंग, नोकिया, ओपो, पैनासोनिक के अलग-अलग कंपनियों के आठ मोबाइल, एक इनोवा कार, आधार कार्डों की कॉपियां, वोटर कार्ड और अन्य लोगों की मार्कशीटें आदि बरामद किए गए हैं। उसने इनोवा कार नं. पीबी 11 एबी 0108 पर फ्लैग राड लगाया हुआ था और सामने शीशे पर वी.आई.पी. स्टिकर लगाया हुआ था।

मकान नंबर 132 ए, गली नंबर 3, सराभा नगर भादसों रोड, पटियाला निवासी उक्त आरोपी से जब्त की गई अन्य चीजों में 2 आधार कार्ड (कमलेश चौधरी और जगतार सिंह के नाम वाले), जगतार सिंह का वोटर पहचान कार्ड, सतनाम सिंह के आधार कार्ड की फोटो कॉपी, 10वीं और 12वीं की मार्कशीटें भी शामिल हैं। एस.एस.पी. पटियाला विक्रम जीत दुग्गल ने बताया कि उक्त आरोपी के खिलाफ थाना त्रिपड़ी, पटियाला में आपराधिक केस दर्ज कर लिया गया। डी.जी.पी. ने बताया कि अगली जांच जारी है। 

स्टंटमैन से सिपाही बने मनजिन्दर बग्गा ने पुलिस के साथ ही खेला स्टंट
मनजिन्दर सिंह बग्गा सरकारी समागमों में स्टंट करता था और छोटी उम्र करके बुलेट मोटरसाइकिल पर उसके स्टंट को देख कर सभी ही प्रभावित होते थे। एक सरकारी समागम में जहां इससे पहली टर्म में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह भी मौजूद थे तो मनजिन्दर सिंह बग्गा ने बुलेट मोटरसाइकिल पर स्टंट किए तो उसे पंजाब पुलिस में भर्ती कर लिया गया था और अब वही स्टंटमैन पंजाब पुलिस के साथ ही स्टंट करने लग गया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Sunita sarangal

Recommended News

Related News