लुधियाना में ठगी का जाल: ‘डबल रिटर्न’ का सपना दिखाकर उड़ाए लाखों, जरा रहे सावधान
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 09:55 AM (IST)
लुधियाना(राज): शातिर ठगों ने निवेश के नाम पर एक महिला और उसके साथी को अपनी ठगी का शिकार बनाया है। आरोपियों ने पहले तो उन्हें इन्वेस्टमेंट पर मोटे मुनाफे का सुनहरा सपना दिखाया और फिर झांसे में लेकर साढ़े आठ लाख रुपये हड़प लिए। जब पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी मुकर गए, जिसके बाद अब पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।
धोखाधड़ी की रची जा रही थी साजिश
शिकायतकर्ता दलजीत कौर और मनप्रीत सिंह ने पुलिस प्रशासन को दी अर्जी में बताया कि आरोपियों ने उन्हें सुरक्षित निवेश और भारी रिटर्न का झांसा दिया था। लुभावनी बातों में आकर उन्होंने करीब 8,50,000 रुपये आरोपियों के हवाले कर दिए। पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच और पड़ताल के बाद यह साफ हो गया है कि आरोपियों की मंशा कभी निवेश की थी ही नहीं, बल्कि वे धोखाधड़ी की साजिश रच रहे थे।
आरोपी टोनी पर मामला दर्ज
रकम हासिल करने के बाद आरोपियों ने पीड़ितों को न तो कोई मुनाफा दिया और न ही उनकी मूल राशि वापस लौटाई। बार-बार पैसे मांगने पर जब कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो पीड़ितों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। फिलहाल, पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी टोनी पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

