एन.एच.ए.आई. के मुद्दों पर सांसद संजीव अरोड़ा के सवालों का गड़करी ने दिया जवाब

punjabkesari.in Wednesday, Dec 07, 2022 - 06:44 PM (IST)

लुधियाना (जोशी): आज राज्यसभा के शीतकालीन सत्र में सांसद (राज्यसभा) संजीव अरोड़ा द्वारा पंजाब में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एन.एच.ए.आई.) परियोजनाओं के लिए आबंटित राशि के बारे में एक प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तर दिया कि किसी राज्य विशेष को देखते हुए एन.एच.ए.आई. को धन नहीं दिया गया है।

मंत्री ने कहा है कि परियोजनाओं की लागत अनुसार ही बजट आबंटित किया जाता है। उन्होंने आगे कहा कि वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2022-23 (अब तक) तक पंजाब राज्य के लिए एन.एच.ए.आई. में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर कुल 13749.42 करोड़ रुपए खर्च किए गए है। इसमें से अधिकांश खर्च पिछले 2 वर्षों में किया गया है। खर्च के रुझान को ध्यान में रखते हुए संभावना है कि 2022-23 में खर्च 6000 करोड़ रुपए के आसपास पहुंच जाएगा।

अरोड़ा ने आज सदन में रोड सेफ्टी इनिशिएटिव से जुड़ा एक और सवाल भी पूछा। जवाब में गडकरी ने सदन को सूचित किया कि मंत्रालय ने शिक्षा, इंजीनियरिंग (सड़क और वाहन दोनों), एनफोर्समेंट और इमरजेंसी केयर के आधार पर सड़क सुरक्षा के मुद्दे को हल करने के लिए एक रणनीति तैयार की है। उन्होंने कहा कि इसी के मुताबिक मंत्रालय द्वारा विभिन्न पहलकदमियां की गई हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने सदन को यह भी बताया कि योजना तैयार करते समय सड़क सुरक्षा को सड़क डिजाइन का एक अभिन्न अंग बना दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर ब्लैक स्पॉट्स (दुर्घटना संभावित स्थलों) की पहचान और सुधार को उच्च प्राथमिकता दी गई है। विकलांग व्यक्तियों के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों पर पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए दिशा-निर्देश भी सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को जारी किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने सदन को अवगत कराया कि सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच कैलेंडर वर्ष 2021 से 2017 के दौरान देश की सड़कों पर कुल 7,36,129 मौतें और 21,24,481 लोग घायल हुए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Subhash Kapoor

Recommended News

Related News