लोगों के बैंक खाते खाली करने वाला गिरोह का पर्दाफाश, हरियाणा से दबोचा आरोपी
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 01:46 PM (IST)
लुधियाना (राज): पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर मासूम लोगों की गाढ़ी कमाई लूटने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर क्राइम सेल की टीम ने हरियाणा के रेवाड़ी में छापेमारी कर शातिर आरोपी विक्रम यादव को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस गिरोह ने एक व्यक्ति को निवेश के जाल में फंसाकर उससे करीब 4 करोड़ 35 लाख रुपए की भारी-भरकम राशि ठग ली थी।
ए.सी.पी. मुराद जसवीर सिंह गिल बताया कि आरोपी विक्रम यादव के बैंक खाते में ठगी की कुल रकम में से 60 लाख रुपए ट्रांसफर हुए थे। इसके बाद इंस्पैक्टर सतबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को उसके ठिकाने से काबू किया और 17 फरवरी तक पुलिस रिमांड हासिल कर उससे कड़ी पूछताछ की गई। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लोगों को झांसे में लेता था और उन्हें रातों-रात अमीर बनने के सपने दिखाकर उनके बैंक खाते खाली कर देता था। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के बाकी सदस्यों की सरगर्मी से तलाश कर रही है और डिजिटल सबूतों को खंगाला जा रहा है ताकि इस नैटवर्क की जड़ों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने शहरवासियों को आगाह किया है कि वे सोशल मीडिया या फोन पर आने वाले किसी भी लुभावने ऑफर या संदिग्ध निवेश के मैसेज से सावधान रहें। अगर कोई भी व्यक्ति ऐसी धोखाधड़ी का शिकार होता है तो वह तुरंत साइबर हैल्पलाइन नंबर 1930 पर सम्पर्क करें ताकि समय रहते ठगों पर शिकंजा कसा जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

