गैंगस्टरों को चिड़ियाघर में सजाकर नहीं रखा जा सकता, सख्त कार्रवाई ही एकमात्र इलाज  : रवनीत बिट्टू

punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 08:16 PM (IST)

गुरदासपुर  (हरमन) : केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू हाल ही में अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर शहीद किए गए पंजाब पुलिस के एएसआई सरदार जोगा सिंह के परिवार से दुख सांझा करने के लिए उनके निवास स्थान पर पहुंचे।

इस अवसर पर उन्होंने शहीद पुलिस कर्मी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में केंद्र सरकार और पूरा देश उनके साथ खड़ा है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि पंजाब की अमन-शांति को भंग करने वाले और पुलिस कर्मियों की हत्या करने वाले गैंगस्टरों से सख्ती के साथ ही निपटा जा सकता है। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि “ऐसे गैंगस्टरों को चिड़ियाघर में सजाकर नहीं रखा जा सकता, बल्कि कानून के अनुसार उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उन्हें मिसाल कायम करने वाली सजा दी जानी चाहिए।” उन्होंने कहा कि शहीद एएसआई जोगा सिंह के हत्यारों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

बिट्टू ने कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई लगातार देश और विशेषकर सीमावर्ती राज्य पंजाब का माहौल खराब करने के लिए नापाक साजिशें रचती रहती है, लेकिन उसके मंसूबों को कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले भी सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐसी घटनाओं को अंजाम देने की कोशिशें की गई हैं, लेकिन पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हर चुनौती का डटकर मुकाबला करने में सक्षम हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब पुलिस अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई करती है तो कुछ लोग उनके समर्थन में आकर विरोध प्रदर्शन करने लगते हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की शहादत को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा और कानून को हाथ में लेने वालों के साथ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब ने आतंकवाद का काला दौर भी देखा है और उस समय पंजाब पुलिस ने दृढ़ इच्छाशक्ति और कड़ी कार्रवाई के बल पर राज्य में अमन-शांति बहाल की थी। आज भी पंजाब में अशांति फैलाने की कोशिश करने वाले तत्वों से उसी दृढ़ता के साथ निपटने की आवश्यकता है ताकि राज्य की शांति और भाईचारे को हर हाल में कायम रखा जा सके।

अंत में रवनीत सिंह बिट्टू ने शहीद एएसआई जोगा सिंह के परिवार के प्रति पुनः संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए दिया गया यह बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा और सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News