बॉर्डर एरिया की सड़कों पर मौत बनकर दौड़ रहे हैं गांठों से भरे लंबे ट्राले, लोगों ने प्रशासन से रखी मांग
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 04:55 PM (IST)
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): बॉर्डर एरिया की सड़कों पर गांठों से लदे लंबे ट्राले बिना किसी रोक-टोक के चल रहे हैं, जिस कारण सड़क हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। इन ट्रालों की आवाजाही को लेकर इलाका वासियों में चिंता पाई जा रही है। लोगों का कहना है कि इन वाहनों की लंबाई और सड़कों पर चलने के दौरान होने वाली दिक्कतों की वजह से आम राहगिरों के लिए सफर करना खतरे से खाली नहीं है।
इलाका वासियों के अनुसार बॉर्डर एरिया की कई सड़कों पर आवाजाही पहले ही काफी रहती है। ऐसे में जब गांठों से लदे लंबे ट्राले सड़कों से गुजरते हैं तो दूसरे वाहनों को गुजरने में मुश्किल आती है। खासकर मोड़ और तंग सड़कों पर इन ट्रालों की वजह से हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि रोजाना किसी न किसी सड़क हादसे की खबर सुनने को मिलती है पर इस परेशानी की ओर प्रशासन द्वारा गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।
लोगों ने सवाल उठाया कि अगर इन ट्रॉलियों की आवाजाही के लिए कोई निर्धारित समय तय नहीं किया जाता तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे यकीनी बनाई जा सकती है। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस द्वारा इन गाड़ियों के आने-जाने का समय तय किया जाए और नियमों का सख्ती से पालन करवाया जाए।
इलाके के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर चलने वाले इन ट्रालों की नियमित जांच की जाए ओवरलोडिंग और असुरक्षित ढंग से माल ढोने पर कार्रवाई की जाए और हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। अब देखना यह है कि प्रशासन लोगों की इस मांग पर कब विचार करता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

