पंजाब में डी.जी.पी. की नियुक्ति को लेकर फिर फंसा पेच, गौरव यादव ही होंगे DGP Punjab

punjabkesari.in Saturday, Sep 03, 2022 - 10:44 AM (IST)

जालंधर(धवन): वरिष्ठ आई.पी.एस. अधिकारी गौरव यादव पंजाब के डी.जी.पी. पद पर बने रहेंगे। पंजाब के पूर्व डी.जी.पी. वी.के. भावरा 4 सितम्बर को अपनी 2 महीने की छुट्टी पूरी करके वापस लौट रहे हैं। सरकार ने अब भावरा के वापस आने पर उत्पन्न होने वाली मुश्किल का हल निकाल लिया है। 

सरकारी हलकों से पता चला है कि आई.पी.एस. अधिकारी गौरव यादव पंजाब पुलिस के डायरैक्टर जनरल पद पर बने रहेंगे और वी.के. भावरा को पंजाब सरकार ने पंजाब पुलिस हाऊसिंग कार्पोरेशन में तैनात करने का फैसला किया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आला अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद निर्णय लिया है। पूर्व कांग्रेस सरकार के समय भी सरकार के सामने ऐसी ही परिस्थितियां पैदा हुई थीं। उस समय मुख्यमंत्री पद पर चरणजीत सिंह चन्नी विराजमान थे। चन्नी के मुख्यमंत्री बनने के समय दिनकर गुप्ता डी.जी.पी. थे तथा कुछ समय बाद दिनकर गुप्ता छुट्टी पर चले गए थे। उसके बाद चन्नी सरकार ने इकबाल प्रीत सिंह सहोता को डी.जी.पी. मनोनीत किया था परन्तु बाद में नवजोत सिद्धू के दबाव डालने पर सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय को डी.जी.पी. लगाया गया। उस समय भी दिनकर गुप्ता को पंजाब पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन में तैनात किया गया था और कुछ समय बाद वह केंद्र में डैपुटेशन पर चले गए। अब वह एन.आई.ए. में डायरैक्टर जनरल हैं। 

चन्नी सरकार ने बाद में यू.पी.एस.सी. को डी.जी.पी. नियुक्त करने के लिए पुलिस अधिकारियों के नामों का पैनल भेजा था जिसमें वी.के. भावरा का चयन किया गया था। अब चूंकि मुख्यमंत्री भगवंत मान गौरव यादव को डी.जी.पी. पद पर बनाए रखने के इच्छुक हैं इसलिए अब डी.जी.पी. पद पर गौरव यादव ही बने रहेंगे और भावरा को पंजाब पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन में तैनात कर दिया जाएगा। भावरा जोकि केंद्रीय डैपुटेशन में जाने के इच्छुक हैं इसलिए जब तक उनका यह कार्य सम्पन्न नहीं होता है तब तक वह पंजाब पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन में बने रह सकते हैं।

मुख्यमंत्री मान डी.जी.पी. गौरव यादव के पक्ष में

भगवंत मान सरकार आने वाले समय में यू.पी.एस.सी. को नया डी.जी.पी. नियुक्त करने के लिए नामों का पैनल भेजेगी। इसमें गौरव यादव सहित 1-2 नाम और होंगे। भगवंत मान इसलिए भी गौरव यादव के पक्ष में हैं क्योंकि पिछले कुछ समय के दौरान गौरव यादव के नेतृत्व में पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों के ऊपर दबदबा बनाने में कामयाबी हासिल की है और नशा तस्करों के ऊपर भी दबाव बनाया है। गौरव यादव स्वयं फील्ड में उतरते रहे हैं और साथ ही उन्होंने हैड क्वार्टर के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी फील्ड में उतारा है जिससे राज्य पुलिस जनता का भरोसा जीतने में कामयाब हो सकी है। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में संलिप्त मुख्य अभियुक्तों में से 2 को पंजाब पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है और एक को अजरबेजान में गिरफ्तार किया गया है। इसलिए मुख्यमंत्री अब नहीं चाहते कि पंजाब पुलिस में ज्यादा फेरबदल हो क्योंकि अब पुलिस गैंगस्टरों के खिलाफ फ्रंट फुट पर आ चुकी है। 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Recommended News

Related News