दिन-दिहाड़े 3 नकाबपोश लुटेरों का कांड, महिला के गले से झपटी सोने की चेन और लॉकेट
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 01:46 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में झपटमारों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब महिलाओं का सड़कों पर निकलना दूभर होता जा रहा है। ताजा मामला फ्लावर एन्क्लेव इलाके से सामने आया है, जहां मोटरसाइकिल सवार 3 नकाबपोश लुटेरों ने दिन-दिहाड़े एक महिला के गले से सोने की चेन और लॉकेट झपट लिया और मौके से फरार हो गए।
स्कूटी पर सवार होकर जा रही थी पीड़िता
इस मामले में थाना सदर की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान परमजीत सिंह, मनप्रीत सिंह और उनका एक अज्ञात साथी है। शिकायतकर्ता हरप्रीत कौर के अनुसार, यह वारदात 9 मई को हुई। वह अपनी बहू हरलीन कौर के साथ स्कूटी पर सवार होकर मेकअप स्टूडियो की तरफ जा रही थीं। जैसे ही वे मकान नंबर 240-डी, फ्लावर एन्क्लेव के पास पहुंचीं, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन मोने युवक आए।
सोने की चेन लेकर आरोपी फरार
इससे पहले कि कुछ समझ पातीं, लुटेरों ने झपट्टा मारकर हरलीन के गले में पहनी हुई करीब 2 तोले सोने की चेन, जिसमें एक कीमती लॉकेट भी लगा था, छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से मोटरसाइकिल भगा ले गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने अपने स्तर पर आरोपियों की तलाश शुरू की, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे हुए। जांच-पड़ताल और पुख्ता जानकारी के बाद पीड़ित पक्ष ने दावा किया है कि इस लूट को परमजीत सिंह, मनप्रीत सिंह और उनके एक अज्ञात साथी ने अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की उम्मीद की जा रही है।

