मोगा थाना ग्रेनेड हमला : मुख्य आरोपी सहित 13 गिरफ्तार, 4 महिलाएं भी शामिल
punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 10:20 AM (IST)
मोगा (कशिश, आजाद, गोपी): मोगा-फिरोजपुर रोड स्थित सदर पुलिस स्टेशन पर 8 जुलाई को हुए हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में मोगा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी सहित कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 4 महिलाएं भी शामिल हैं।
रविवार को सभी आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर हमले के मास्टरमाइंड, संभावित आतंकी और गैंगस्टर नैटवर्क से जुड़े संबंधों की जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपी फिरोजपुर जिले के रहने वाले हैं। इससे पहले इस मामले में 3 संदिग्धों को जम्मू-कश्मीर से हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई थी, हालांकि उस समय किसी वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी।
उल्लेखनीय है कि 8 जुलाई की सुबह करीब 3.15 बजे मोटरसाइकिल पर सवार 2 युवकों ने सदर पुलिस स्टेशन परिसर में हैंड ग्रेनेड फैंका था। विस्फोट कम तीव्रता का होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी। सी.सी.टी.वी. फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे विदेश में बैठे किसी गैंगस्टर की साजिश होने की आशंका जताई जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

